
JLN hospital new building
नागौर. जिला मुख्यालय के जेएलएन राजकीय जिला अस्पताल परिसर में पिछले करीब सवा तीन साल से निर्माणाधीन 190 बेड के अस्पताल भवन का कार्य आज भी अधूरा है। ठेकेदार को इस भवन का काम जहां जुलाई 2024 में पूरा करना था, वहां 20 महीने अधिक बीतने के बावजूद काम अधूरा पड़ा है। निर्माण एजेंसी राजस्थान राज्य सडक़ विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड (आरएसआरडीसी) ने चार बार तारीख बढ़ा दी है, लेकिन संबंधित ठेकेदार इसका नाजायज फायदा उठा रहे हैं। बिल्डिंग में फायर फाइटिंग सिस्टम के साथ डक्टिंग, सेंट्रल लाइन, एयर कंडिशनर, लिफ्ट व सीसी टीवी कैमरे, ऑक्सीजन लाइन के साथ मोड्यूलर ओटी आदि का कार्य पिछले करीब एक महीने से बंद हैं, जिसके कारण बिल्डिंग फिनिशिंग का काम अधरझुल में है। इसके चलते जेएलएन अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। आरएसआरडीसी के अधिशासी अभियंता का कहना है कि ठेकेदार को मई 2026 तक काम पूरा करने की डेडलाइन दी है।
गौरतलब है कि जेएलएन राजकीय जिला अस्पताल की बेड क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने करीब चार साल पहले वर्ष 2022-23 के बजट में 190 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। घोषणा की क्रियान्विति के लिए राज्य सरकार ने कुछ समय बाद 56 करोड़ रुपए का बजट भी स्वीकृत कर दिया था। उसके बाद आरएसआरडीसी ने टेंडर प्रक्रिया अपनाकर भवन निर्माण के लिए का ठेका करीब 29 करोड़ में दिया। जिसके तहत ठेकेदार को 11 जुलाई 2024 तक निर्माण कार्य पूरा करना था, लेकिन अप्रेल 2026 शुरू हो चुका है, इसके बावजूद अस्पताल भवन हैण्डओवर नहीं हो सका है।
सिविल कार्य लगभग पूरा, फिनिशिंग बाकी
जेएलएन अस्पताल परिसर में 190 बेड के अस्पताल भवन का सिविल काम करने वाले ठेकेदार मो. मोसिन ने बताया कि सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन बिल्डिंग में फायर फाइटिंग सिस्टम के साथ डक्टिंग, सेंट्रल लाइन, एयर कंडिशनर, लिफ्ट व सीसी टीवी कैमरे, ऑक्सीजन लाइन के साथ मोड्यूलर ओटी आदि का कार्य करने वाला ठेकेदार अलग है, जो धीमी गति से काम कर रहा है। यहां तक कि यह कार्य पिछले करीब एक महीने बंद है। जब तक यह कार्य पूरे नहीं होंगे, तब तक फिनिशिंग का कार्य पूरा नहीं हो सकता। आरएसआरडीसी के अधिकारियों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
मई तक डेडलाइन दी है
जेएलएन अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 190 बेड के अस्पताल भवन का काम मई 2026 तक पूरा करने को लेकर ठेकेदार को डेडलाइन दी है।
- चेतन साहू, एक्सईएन, आरएसआरडीसी, नागौर
Published on:
02 Apr 2026 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
