
लाडनूं. लाडनूं के जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय में संस्कृत दिवस पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते प्रो. दामोदर शास्त्री एंव मंचस्थ अन्य अतिथि।
लाडनूं. जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के प्राकृत एवं संस्कृत विभाग के तत्वावधान में शनिवार को संस्कृत दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो.दामोदर शास्त्री ने कहा है कि हमारा ध्येय हमेशा श्रेष्ठ बनने का रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्कृत हमें संस्कारित करती है। यह वाणी का परिष्कार करती है। ध्यान दें तो हमें संस्कृत का वर्चस्व हर क्षेत्र में दिखाई देगा। चाहे नमस्ते शब्द हो या न्यायालय का सत्यमेव जयते ये सब संस्कृत का ही प्रभाव है। संस्कृत शब्दों का भंडार है। समस्त भाषाएं शब्दों के लिए संस्कृत की ओर ही देखती हैं। उससे ही शब्द ग्रहण करती हैं। भाषा का सारा विकास ही संस्कृत पर आधारित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने संस्कृत को समृद्ध भाषा बताते हुए कहा कि संस्कृत के शास्त्र समुद्र की तरह अथाह है। इनमें समस्त प्रकार का ज्ञान-विज्ञान भरा पड़ा है। उन्होंने संस्कृत को लोगों तक पहुंचाने के लिए आवाज उठाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि यह देववाणी होने के साथ ही जनभाषा भी है। प्राकृत एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ.़ समणी संगीतप्रज्ञा ने बताया कि संस्कृत भाषा हमारे देश की प्राचीन ही नहीं बल्कि सुसमृद्ध भाषा है। जिसमें देश के प्राचीनतम ग्रंथ वेद, उपनिषद, रामायणए महाभारत आदि की रचना हुई है। अपने देश के ज्ञान, विज्ञान, संस्कृति आदि से परिचित होने के लिए आवश्यक है कि हम संस्कृत व प्राकृत भाषा सीखें। हमें संस्कृत का पठन-पाठन सीखने के साथ सम्भाषण भी सीखना चाहिए। कार्यक्रम में छात्र विपुल जैन ने संस्कृत को फि र से प्रचलन में लाए जाने की आवश्यकता बताई और कहा कि हम जीवन में संस्कृत का उपयोग बढावें एवं जन-जन तक उसे पहुंचाएं। मुमुक्षु बहिनों ने लोक कथा पर आधारित संस्कृत नाटिका प्रस्तुत की। डा. सत्यनारायण भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में अहिंसा एवं शांति विभाग के विभागाध्यक्ष डा.जुगल किशोर दाधीच, जैन विद्या विभाग के डॉ. योगेश कुमार जैन, सुनीता इंदौरिया एवं विदेश से अध्ययनार्थ आई छात्राएं आदि उपस्थित थे। संचालन मुमुक्षु प्रेक्षा व मुमुक्षु सुरभि ने किया।
Published on:
25 Aug 2018 06:13 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
