
Maulasar news
मौलासर. मौलासर थाना क्षेत्र के ग्राम बरड़वा स्थित एक कुएं में 17 वर्षीय छात्रा का शव तैरता मिला है। पुलिस ने बताया कि पूजा मीणा कक्षा 12वीं की छात्रा थी। जिसका शव उसके घर के पास स्थित कुएं में तैरता मिला है। मामले की जांच की जा रही है। मौलासर के राजकीय सोमानी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले को लेकर परिजन व आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि उसकी पुत्री पूजा और परिवार के अन्य सभी सदस्य गुरुवार रात करीब दस बजे खाना खाकर सोए थे। पूजा रात को उठकर कैसे कुएं में गिर गई, यह बात समझ नहीं आ रही। जानकारी के अनुसार घर पर किसी बात को लेकर आपस में कोई बात भी नहीं हुई थी। सुबह पांच बजे जब ओमप्रकाश उठा तो खाट पर पुत्री पूजा नहीं थी, इस पर परिजनों ने छात्रा को आसपास में तलाश किया। जब वह नहीं मिली तो परिजन ने ढाणी के पास ही स्थित एक कुएं के पास जाकर देखा। शंका होने पर एक ग्रामीण को कुएं में उतारा गया तो छात्रा का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर मौलासर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एएसआई सीताराम मीणा व हैड कांस्टेबल महेन्द्र खींची ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मौलासर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के पिता ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।
Published on:
04 Oct 2019 05:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
