
REET Exam का नोटिफिकेशन जारी, एप्लीकेशन प्रोसेस 11 से
नागौर. रीट में अच्छे नंबर के लिए प्रश्न उपलब्ध कराने की एवज में परीक्षार्थियों से लाखों रुपए लेने का मामला सामने आया है। इसमें नागौर के निजी नर्सिंग कॉलेज संचालक जावेद, उसके भाई खालिद समेत दो दलालों को पूछताछ के लिए पुलिस ने उठाया है। देर रात तक पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत सिंह ने पत्रकारों को बताया कि रीट में नकल न हो इसके लिए प्रदेशभर में एसओजी के निर्देश पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। नागौर एएसपी राजेश मीना और मूण्डवा वृत्ताधिकारी विजय सांखला के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पर्चा लीक करने में संदिग्ध रहे 28 में से पुलिस ने 25 को पकड़ा है। आठ जने पर्चा लीक करने की कोशिश में पकड़े गए हैं। इन आठ में से चार नागौर, तीन कुचामन और एक जायल में गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। इनमें सूफिया कॉलेज के संचालक जावेद की भूमिका संदिग्ध है तो उसके भाई खालिद के जरिए उसके संरक्षण में रुपए के लेनदेन की बात भी सामने आई है। यह चेट में भी क्लीयर हुआ है तो फोन पर बातचीत के आधार पर खुलासा हुआ है कि ये पर्चा लीक करने की कोशिश में थे। इनसे कई परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र बरामद किए हैं।
असल में जावेद के जरिए खालिद 140 सवालों को देकर अच्छे रिजल्ट का आश्वासन देकर दस-दस लाख रुपए की डील कर रहे थे। जिन परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र मिला है, उन पर परीक्षा के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी। इनसे पूछताछ चल रही है। एसओजी की सूचना पर जायल से गिरफ्तार एक को कोटा पुलिस को सुपुर्द किया है।
कुचामन में पकड़ा गया गोविंद राजपूत दो स्टूडेंट को लेकर सीकर एक अन्य आरोपी से मिलाने जा रहा था। जिलेभर में पर्चा लीक की कोशिश वाले आठ जने पुलिस के पास हैं। नागौर पुलिस को ऐसे 28 लोगों की सूची मिली थी। जिन्होंने पहले भी पर्चे लीक करने में संदिग्ध भूमिका निभाई थी। इनमें 25 को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है। एएसपी राजेश मीना ने बताया कि जावेद और खालिद के साथ दो दलालों से पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में मामला भी दर्ज किया जा रहा है। मूण्डवा वृत्ताधिकारी विजय सांखला ने रीट पर्चे को लीक करने की कोशिश में जुटे लोगों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए हैं। तीन जने कुचामन में गोविंद सिंह, सुभाष और सुरेंद्र भी इस साजिश में गिरफ्तार हुए हैं।
Updated on:
26 Sept 2021 12:17 pm
Published on:
26 Sept 2021 12:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
