नागौर. जिले के संखवास कस्बे के मूण्डवा रोड पर बने जीएसएस परिसर में बरसात का पानी भरा हुआ है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। जीएसएस पर काम करने वाले कर्मचारी पानी में जाकर बिजली जोड़ने व काटने का काम कर रहे हैं, इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कर्मचारियों ने बताया कि संखवास जीएसएस पर जेईएन बैठते हैं, लेकिन 33 केवी की वीसीबी पांच दिन से जली हुई है, जिसकी सूचना डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों को देने के बावजूद न तो वीसीबी बदली गई है और न ही पानी निकासी की कोई व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि जीएसएस में हर वर्ष पानी का भराव हो जाता है, लेकिन निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
गौरतलब है कि डिस्कॉम अधिकारियों की अनदेखी व लापरवाही के कारण बारिश के दिनों में हादसों की संख्या बढ़ जाती है। जन हानि के साथ कई जानवरों की मौत करंट लगने से हो जाती है, इसके बावजूद निगम के अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते। संखवास का जीएसएस पिछले कई सालों से बारिश के दिनों में नाडी का रूप धारण कर लेता है, लेकिन निगम अधिकारियों ने इस समस्या का समाधान ढूंढ़ने का प्रयास नहीं किया।