19 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नर्मदा चुनरी चढ़ाकर बोले विधायक मसूद- नर्मदापुरम में नहीं दिखता विकास

जनता नफरतबाजी को खत्म कर 2023 में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी: मसूद

2 min read
Google source verification
नर्मदा चुनरी चढ़ाकर बोले विधायक मसूद- नर्मदापुरम में नहीं दिखता विकास

नर्मदा चुनरी चढ़ाकर बोले विधायक मसूद- नर्मदापुरम में नहीं दिखता विकास

नर्मदापुरम. भोपाल मध्य के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद का कहना है कि 2018 में कमलनाथ सरकार इसलिए चली गई क्योंकि हमारे ही कुछ साथी बेइमान निकल गए थे। प्रदेश व देश में भाजपा की सरकारें मौलिक अधिकारों का हनन कर एवं संविधान को तहस-नहस कर जनता में नफरत फैला रही है। जनता अब इसे समझ चुकी है। आगामी 2023 में वह भाजपा को हटाकर पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाएगी। मसूद यहां भोपाल से भारत जोड़ो संविधान बचाओ यात्रा लेकर आए थे। यह यात्रा बुरहानपुर जाकर राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी का इस्तकबाल कर समाप्त होगी। यात्रा नर्मदा के सेठानीघाट पहुंची। यहां यात्रियों ने स्नान कर पूजन किया। मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां से दोपहर बाद यात्रा बुरहानपुर के लिए रवाना हो गई। यात्रा में 130 सदस्य शामिल हैं।

सेठानीघाट दुर्दशा का शिकार
विधायक व यात्रा प्रमुख आरिफ मसूद बोले-मुख्यमंत्री के बुधनी के बाजू के नर्मदापुरम की हालत ही खराब है। यहां विकास नाम की कोई चीज नहीं दिखाई देती। सेठानीघाट ही दुर्दशा का शिकार है। यहां स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए जालियां तक नहीं लगी है। ऐसे पैर फिसल जाए व्यक्ति चला जाए तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। मां नर्मदा से प्रार्थना की है कि वह भाजपा को सद्बुद्धि दे, ताकि देश-प्रदेश में आपसी सदभाव, अमन-चैन कायम रहे।

नफरत की बुनियाद पर सरकार चला रहे
भोपाल रोड स्थित श्रीकुंड गार्डन में पत्रिका से खास बातचीत में मसूद ने कहा कि ये यात्रा इसलिए निकाली जा रही है क्योंकि देश-प्रदेश में भाजपा की सरकारें लोगों में नफरत की बुनियाद पर एक-दूसरे को अलग कर रही है। आज नौजवान, किसान सब परेशान हैं। नौकरी-रोजगार और खाद-बिजली तक नहीं मिल रही है। मौलिक अधिकार ही छीने जा रहे हैं। देश में हजारों-लाखों युवाओं-किसानों की आत्महत्या के लिए भाजपा की सरकारें ही जिम्मेदार है।

प्रदेश ही नहीं पूरे देश में हो शराबबंदी
शराबबंदी के सवाल पर विधायक मसूद बोले-प्रदेश ही क्या पूरे देश में शराबबंदी होनी चाहिए। क्योंकि देश के नौजवान नशे की लत में बर्बाद हो रही है। परिवारों में कलह-विघटन हो रहा है। आज हालत ये है कि घर-घर में शराब परोसी जा रही है। गली-गली में अवैध शराब बिक रही है।

छल-कपट से शिवराज ने सत्ता पाई
मसूद ने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह चौहान ने छलकपट से सत्ता हथियाई है। चोरों की सरकार है। शिवराज जैसा झूठा, मक्कार और बेइमान व्यक्ति मैंने नहीं देखा। जनता परेशान हो चुकी है। जो नफरतबाजी बोई गई है उसे भी जनता समझ चुकी है। आगामी 2023 में जनता कांग्रेस को चुनेगी। 2018 में भी हमें चुना था। लेकिन इन लोगों हमारे कुछ बेइमान साथियों के साथ मिलकर छलकपट से सत्ता हथिया ली थी।