सबसे ऊंची चोटी से देखा 2022 का आखिरी सूर्यास्त का नजारा
नर्मदापुरम. नया साल 2023 आ गया है और इसके स्वागत में लोग जश्न मना रहे हैं. इसी के साथ साल 2022 का समापन भी हो चुका है। 2022 के अंतिम दिन का सूर्यास्त देखने के लिए कई लोग मध्यप्रदेश की सबसे ऊंची चोटी पचमढ़ी में स्थित धूपगढ़ पर जा पहुंचे। धूपगढ़ की चोटी पर पहुंचना बहुत खतरनाक है पर यह अपने सनसेट के दुर्लभ नजारे के लिए ही जानी जाती है. इस दुर्लभ नजारे को निहारने साल के अंतिम दिन यहां सैकड़ों पर्यटक पहुंचे।
पचमढ़ी में नए साल का जश्न मनाने के लिए इस बार जबर्दस्त भीड़ उमड़ी है. इनमें से कई लोग शनिवार शाम धूपगढ़ चोटी पर भी पहुंचे। यहां पहुंचे पर्यटकों ने साल के अंतिम सनसेट का दुर्लभ नजारा देखा और इस सीन को अपने—अपने मोबाइल में भी कैद किया। पर्यटकों के लिए धूपगढ़ तक जिप्सी और निजी वाहनों की सुविधा रखी गई है.
धूपगढ़ के अलावा शनिवार शाम को सैकड़ों की संख्या में पर्यटक पचमढ़ी के ही राजेंद्र गिरी पॉइंट पर मौजूद रहे। राजेंद्र गिरी पॉइंट से भी टूरिस्टों ने साल 2022 को विदाई दी। इसके अलावा 31 दिसंबर को पर्यटकों ने बी फॉल, अप्सरा विहार सहित विभिन्न दर्शनीय स्थलों पर सपरिवार पहुंचकर आनंद उठाया। पचमढ़ी की झील में भी कई पर्यटकों ने वोटिंग की।
पचमढ़ी में पर्यटक न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए काफी उत्साहित दिख रहे हैं। 2023 की पहली सुबह का सनराइज देखने के लिए टूरिस्ट ने बहुत उत्साह दिखाया। एमपीटी की होटलों में 31 दिसंबर को देर रात तक म्यूजिकल नाइट और डिनर पार्टियां चलती रहीं।