
कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, संभाग के तीनों जिलाध्यक्ष बदले, नर्मदापुरम की कमान फिर पुष्पराज पटेल को
narmdapuram नर्मदापुरम। विधानसभा चुनाव के पहले ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में बडा फेरबदल किया है। प्रदेश के 33 जिला अध्यक्ष बदले । इसमे नर्मदापुरम संभाग के तीनों जिलों के जिलाध्यक्ष को बदल दिया गया है। नर्मदापुरम की कमान सत्येंद्र फौजदार से छीनकर पूर्व जिलाध्यक्ष ओर वर्तमान में प्रदेश सचिव पुष्पराज पटेल सोहागपुर को सौंपी गई है। इसी तरह हरदा ओर बैतूल के जिलाध्यक्ष को भी बदल दिया गया है। बैतूल शहर की जिम्मेवारी सुनील शर्मा, बैतुल ग्रामीण की हेमंत बगद्रे ओर हरदा जिले की कमान ओम पटेल को दी गई है। यह बदलाव विधानसभा चुनाव ओर इसके बाद 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से जारी सूची मप्र के जनरल सेकेट्ररी केसी वेनूगोपाल के लेटरहेड से जारी हुई है। नर्मदापुरम जिले की कमान तेज तर्रार नेता पुष्पराज सिंह पटेल बब्बा को मिली है। वे सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। उनके जिला अध्यक्ष बनने से इस विधानसभा में नए समीकरण बनने के राजनीतिक कयास लगाए जा रहें हैं। पुष्पराज ने सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ कई बड़े प्रदर्शन, आंदोलन किये हैं,जिसमे उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। यहां पिछली बार विधानसभा चुनाव हार चुके सतपाल पलिया के लिए यह नियुक्ति काफी मुश्लिल पैदा करने वाली है। अभी यहां सतपाल पलिया का वन मैन शो चल रहा था। अब उनके कोई भी कार्यक्रम करने के पहले जिला अध्यक्ष की अनुमति लेनी होगी, जो कि उन्हें असहज करेगी। चूंकि पिछले दिनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक जेपी अग्रवाल, सह प्रभारी सीपी मित्तल के सामने जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार के प्रति सूचनाओं, एकाधिकार को लेकर नगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश शर्मा के अपने साथियों के साथ स्वागत को लेकर किये गए प्रदर्शन, नारेबाजी को हाईकमान ने घोर अनुशासन हीनता लिया था जिसने राकेश शर्मा को पद से हटा दिया गया था। ब्राम्हण समाज सहित अन्य संघटन ने भोपाल जाकर इस संबंध में शर्मा को पुनः नियुक्ति की मांग की थी लेकिन हाईकमान ने इसे ठुकरा दिया। इसके बाद से नर्मदापुरम में जिला अध्यक्ष को भी बदलने के संकेत दे दिए गए थे। बता दें कि जिलाध्यक्ष फौजदार के खिलाफ पिछले कई माहों से उन्हें हटाने की कांग्रेसियों ने मुहिम भी छेड़ रखी थी, जिसमे वह सफल भी हो गए। फौजदार पर कॉरपोरेट तरीके से जिला कांग्रेस कमेटी को संचालन करने और आम कार्यकर्ता की उपेक्षा के भी आरोप लग चुके हैं।
विधानसभा चुनाव के पहले हुए इस बड़े फेरबदल को कांग्रेस की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। 10 माह पहले कांग्रेस में हुए इस फेरबदल को नर्मदापुरम संभाग में कई मायनों में देखा जा रहा है। बता दें कि भाजपा में भी वर्तमान जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल का पार्टी में लंबे समय से विरोध चल रहा है। इसको लेकर भोपाल और दिल्ली तक मे शिकायत हो चुकी है।
पुष्पराज को दूसरी बार कमान
जिले के सोहागपुर के कांग्रेस युवा नेता पुष्पराज पटेल को दूसरी बार जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वह विधानसभा उम्मीद वार के भी दावेदार हैं । यहां गौरतलब बात यह भी है कि वर्तमान जिला अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार का डिमोशन हुआ है। उन्हें कोई नई जिम्मेदारी प्रदेश स्तर भी नहीं मिली है।
नीखरा को फिर मिला महत्व
पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी मे फिर से उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके अनुभवों का लाभ कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा लोकसभा चुनाव में लेना चाहती है। नीखरा नर्मदापुरम-नरसिंहपुर सहित जबलपुर लंबे समय से सक्रिय रहे हैं।
नए समीकरण बनेंगे
नर्मदापुरम की कांग्रेस की राजनीति में एकदम से भूचाल आ गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार को पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर पुष्पराज सिंह पटेल को जिला अध्यक्ष बना दिया गया है। इस घोषित सूची के बाद पार्टी सूत्रों की माने तो बात स्पष्ट हो गई है कि सतपाल पलिया सोहागपुर से कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी हो सकते हैं। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस की वर्किंग कमेटी में उपाध्यक्ष पद पर राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद मानक अग्रवाल को मनोनीत किया गया है। इनके अलावा जिले में किसी को कोई पद नहीं दिया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं मानक अग्रवाल की नियुक्ति से उनके समर्थकों को संजीवनी मिल गई है। मानक अग्रवाल के खास समर्थक शिवाकांत पांडे गुड्डन ने कहा कि पार्टी ने बहुत सोच समझकर निर्णय लिया है और मानक अग्रवाल को जवाबदारी दी गई है। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचोरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जिले से किसी भी व्यक्ति को शामिल नहीं करा पाए है। नई नियुक्तियों से पैदा हुए समीकरणों का असर हो सकता है थोड़े दिनों में दिखाई दे। बता दें कि मानक ने अपना राजनीतिक छेत्र इटारसी को बनाया हुआ है। वह यहां से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
सत्येंद्र फौजदार बोले ...
मेरे 3 वर्ष के कार्यकाल के दौरान बेहतर तरीके से कांग्रेस पार्टी की रीति नीति व विचारधारा को जिम्मेदारी पूर्वक जन जन तक पहुँचाने का मैने कार्य किया। जो सहयोग व सम्मान आप सभी कांग्रेस के जिले भर के लोगों से मिला उसके लिए आप सभी का हृदयतल से आभार एवं धन्यवाद। मुझे पूर्ण विश्वास है की आगे भी आप सभी का स्नेह मुझे यूंही मिलता रहेगा
पुष्पराज सिंह पटेल को नर्मदापुरम कांग्रेस का अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं।
-सत्येंद्र फौजदार पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस नर्मदापुरम।
किसानों, मज़दूरों ,युवाओं के हक की लड़ूंगा लड़ाई -पुष्पराज पटेल
कांग्रेस के नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष बनने के बाद मेरी प्राथमिकता है कि किसानों, मज़दूरों और युवाओं के हक की लड़ाई लड़ूं। यह बात कांग्रेस के नवनियुक्त नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने रविवार देर रात पत्रिका से चर्चा में कही। पटेल ने पत्रिका के सोहागपुर प्रतिनिधि से कहा कि वर्तमान में संवैधानिक संस्थाओं में अव्यवस्था से पीड़ित व्यक्ति बहुत परेशान हैं। वे कहां सुनवाई लेकर जाएं, यह सुनिश्चित नहीं है। सुनवाई लेकर जाता है तो आवेदनों पर कार्रवाई नहीं होती। मेरा प्रयास होगा कि संवैधानिक संस्थाएं जरूरतमंद, गरीब व सुविधाओं से वंचित व्यक्ति की बात सुने और उसके हितों के कार्य हों। पटेल ने आगे कहा कि जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार परक व्यवस्थाएं बनें, इसकी भी लड़ाई निश्चित रूप से लड़ी जाएगी। साथ ही पटेल के अनुसार उनकी प्राथमिकता होगी कि किसानों को समय पर बिजली मिले, खाद मिले बीज मिले, उपज के उचित दाम मिलें तथा किसान को उसके अधिकार प्राप्त हों। इसकी लड़ाई जरूरत पड़ने पर हमेशा की तरह कांग्रेस के सिपाही के रूप में वे सड़क पर लड़ेंगे।
राजनीतिक प्रोफाईल-
1998 में पुष्पराज पटेल पहली बार जनपद सदस्य बने। जिसके बाद 2003 में जनपद अध्यक्ष बने। पंचवर्षीय कार्यकाल के दौरान उमा भारती की जनशक्ति पार्टी ज्वाइन की एवं नवगठित सोहागपुर विधानसभा में विधायक का चुनाव लड़ने के लिए पुष्पराज पटेल को जनशक्ति पार्टी से टिकट भी मिली। लेकिन चाचा मेहरबान सिंह पटेल को वर्ष 2008 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट मिलने के बाद पुष्पराज पटेल ने जनशक्ति का दामन छोड़ा एवं कांग्रेस में आए। इसके बाद पुष्पराज पटेल किसान कांग्रेस के नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष रहे व चार वर्ष तक यह दायित्व निभाने के बाद तीन वर्ष तक नर्मदापुरम कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी रहे। पुष्पराज पटेल के कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहने के दौरान बनखेड़ी एवं सोहागपुर नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत में अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बाद पुष्पराज पटेल लगातार कुछ समय से कांग्रेस में प्रदेश सचिव पद पर नियुक्त थे। वर्तमान में पुष्पराज पटेल के नर्मदापुरम कांग्रेस जिला अध्यक्ष बनने के बाद रातों-रात जिले के सभी कांग्रेसियों में जोश की स्थिति नजर आ रही है। यदि यह जोश आगामी विधानसभा चुनाव तक कायम रहता है तो तेजतर्रार वाक शैली के धनी पुष्पराज पटेल नर्मदापुरम जिले की चारों विधानसभाओं में भाजपा के लिए बहुत बड़ा सिरदर्द साबित होंगे। नर्मदांचल क्षेत्र में कांग्रेस के स्टार प्रचारक माने जाने वाले पुष्पराज पटेल को किसानों का एवं जनता का नेता माना जाता है।
Published on:
23 Jan 2023 10:56 am
बड़ी खबरें
View Allनर्मदापुरम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
