
ज्योति काकोडिय़ा निर्विरोध चुनी गईं अध्यक्ष, अनीता ठाकुर उपाध्यक्ष बनीं
नरसिंहपुर. जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। इसके बाद अब जिला पंचायत भाजपा की हो गई है। शुक्रवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा खेमे की ज्योति नीलेश काकोडिय़ा को निर्विरोध रूप से अध्यक्ष चुना गया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा खेमे की अनीता राजेंद्र ठाकुर को भी निर्विरोध से उपाध्यक्ष चुना गया। ज्योति भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीलेश काकोडिय़ा की पत्नी हैं, जबकि उपाध्यक्ष अनीता ठाकुर जिला पंचायत की निवर्तमान उपाध्यक्ष शीला ठाकुर की बहू हैं। अनीता के पति राजेंद्र ठाकुर भाजपा के पदाधिकारी हैं।
गौरतलब है कि 15 सदस्यीय जिला पंचायत में अध्यक्ष का पद अनूसूचित जाति की महिला के लिये आरक्षित था। ज्योति गोटेगांव विधानसभा के ग्राम गोरखपुर उसरी की निवासी हंै। वे वार्ड क्रमांक 6 से सदस्य चुनी गईं थी। अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नाम ज्योति का आया था, जिसके बाद उनके निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया था। सदस्य के लिए चुनाव लड़ते समय वे भाजपा समर्थित प्रत्याशी नहीं थीं पर जीत के बाद वे भाजपा खेमे में चली गईं। उन्होंने भाजपा एवं कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को पराजित कर सदस्य के चुनाव में विजय हासिल की थी। वैसे अध्यक्ष पद के लिए वार्ड क्रमांक 3 से निर्वाचित लक्ष्मी कैलाश ठाकुर ग्राम नेगुंवा तह गोटेगांव का नाम भी दौड़ में शामिल था। वे भी भाजपा से ही जुड़ी हुई हंै। उनके ससुर रूपसिंह ठाकुर भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं, किन्तु अन्तिम क्षणों में सहमति ज्योति काकोडिय़ा के नाम पर बनी।
15 सदस्यों में से 12 भाजपा खेमे के 3 कांग्रेस समर्थित
जिला पंचायत में कुल 15 सदस्य हैं जिनमें से 10 भाजपा समर्थित थे और दो निर्दलीय को मिलाकर अब भाजपा खेमे के 12 सदस्य हैं। कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या महज 3 है, उनमें अनूसूचित जाति का कोई सदस्य नहीं था, जिसकी वजह से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अपने खेमे से कोई प्रत्याशी आगे नहीं किया और न ही इस चुनाव में कोई रुचि ली।
ये हैं जिला पंचायत के सदस्य
वार्ड क्रमांक 1 से आशा झाारिया, 2 से अरविंद पटेल, 3 से लक्ष्मीबाई ठाकुर, 4 से लक्ष्मी पटेल, 5 से नवाब ठाकुर, 6 से ज्योति काकोडिय़ा, 7 से अनीता ठाकुर, 8 से सीताराम नामदेव, 9 से धनंजय पटेल, 10 से सुमन मेहरा, 11 से देवेंद्र गागोलिया, 12 से ऋचा स्थापक, 13 से अंजू शुक्ला, 14 से डॉ.योगेश कौरव, 15 से मोना कौरव। इनमें से मोना कौरव, सुमन मेहरा और अरविंद पटेल कांग्रेस समर्थित माने जाते हैं। जबकि लक्ष्मी बाई ठाकुर, ज्योति काकोडिय़ा और अंजू शुक्ला को चुनाव लड़ते समय किसी दल का समर्थन नहीं था।
कलेक्टर ने प्रदान किए निर्वाचन प्रमाण-पत्र
जिला पंचायत के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए निर्धारित कार्यक्रम के तहत जुलाई जिला पंचायत नरसिंहपुर का सम्मिलन आयोजित किया गया था। इस दौरान जिला पंचायत नरसिंहपुर के अध्यक्ष पद पर ज्योति नीलेश ककोडिय़ा एवं उपाध्यक्ष पद पर अनीता राजेन्द्र ठाकुर को कलेक्टर रोहित सिंह द्वारा निर्विरोध घोषित किया गया। कलेक्टर ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम राजेश शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Updated on:
29 Jul 2022 11:13 pm
Published on:
29 Jul 2022 11:12 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
