4 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीरज महाराज, सुशीला , शिवाकांत और पूनम ठाकुर बनी नगर पालिका अध्यक्ष

बहुमत के बावजूद भाजपा में बगावत और क्रास वोटिंग से सामने आई पार्टी की अंतरकलह

3 min read
Google source verification
02_2.jpg

nagar palika narsinghpur

नरसिंहपुर/ गोटेगांव/ करेली/ गाडरवारा. बुधवार को जिले की चारों नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हुए। नगर पालिका नरसिंहपुर में नीरज महाराज अध्यक्ष चुने गए। करेली में सुशीला ममार, गोटेगांव में पूनम ठाकुर,गाडरवारा में शिवाकांत मिश्रा को अध्यक्ष चुना गया। नगर पालिका नरसिंहपुर में अजीत ठाकुर उपाध्यक्ष बने जबकि करेली में अनीता नेमा, गोटेगांव में श्रद्धा चौकसे और गाडरवारा में वैशाली राय उपाध्यक्ष चुनी गईं। जीत के बाद विजय जुलूस निकाले गए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल ढमाकों के बीच अपनी खुशी का इजहार किया।

क्रॉस वोटिंग और बागी प्रत्याशियों ने दिखाया पार्टी को आइना
जिले की चारों नगर पालिकाओं में भाजपा का बहुमत था इसके बावजूद नरसिंहपुर, करेली, गाडरवारा में क्रॉस वोटिंग की नौबत आई । इस पूरे चुनाव में भाजपा की अंतर कलह खुलकर सामने आ गई । २८ पार्षदों वाली नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में भाजपा के 19 पार्षद हैं। कांग्रेस के 7 और 2 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज महाराज को 17 वोट मिले । जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी इंजीनियर रुद्रेश तिवारी को 11 वोट मिले। सीधे तौर पर भाजपा के दो वोट कांग्रेस के खाते में गए हैं। इस चुनाव में कांग्रेस भाजपा के पार्षदों में सेंध लगाने में कामयाब रही । उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को २४ कांग्रेस प्रत्याशी आनंद चौरसिया को 3 वोट मिले जबकि 1 मत निरस्त हो गया। उपाध्यक्ष के चुनाव में कांगे्रस अपने पार्षदों को नहीं संभाल सकी। गौरतलब है कि 2 दिन पहले हुई रायशुमारी में नीरज महाराज के नाम पर सर्वसम्मति बनी जबकि शुरू में अध्यक्ष पद के लिए राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी के खास माने जाने वाले नीलकमल जैन और अजय प्रताप सिंह भी अध्यक्ष पद के दावेदार थे।
करेली में भाजपा पार्षद ने दी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को चुनौती, एक वोट से हुई हार जीत
करेली.१५ सदस्यीय नगर पालिका करेली में सभी पार्षद भाजपा के हैं। यहां भाजपा की अंतरकलह खुलकर सामने आई। पार्टी ने सुशीला ममार को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बावजूद ज्योति गौतम जैन ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की। कड़े मुकाबले में सुशीला ममार एक वोट से जीतीं। सुशीला को ८ और ज्योति को ७ वोट मिले। यहां अनीता नेमा उपाध्यक्ष चुनी गईं।
गाडरवारा में अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस की सेंधमारी, भाजपा के 5 पार्षदों ने की क्रॉस वोटिंग
गाडरवारा. 24 पार्षदों वाली नगर पालिका परिषद गाडरवारा में भाजपा के १९ और कांग्रेस के 5 पार्षद हैं। अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने केवल पांच पार्षदों के बावजूद पांच भाजपा पार्षदों के भी वोट लेकर खलबली मचा दी। अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के शिवाकांत मिश्रा को 14 मत एवं कांग्रेस के जिनेश जैन को 10 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की ओर से तीन दावेदारों पूजा राधामोहन तिवारी, वैशाली रीतेश राय एवं पूजा प्रवेश राय के नामों की पर्ची एक कन्या से उठवाई गई। जिसमें वैशाली रीतेश राय को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया गया। भाजपा ने चुनाव के ठीक एक घंटे पहले शिवाकांत मिश्रा का नाम अध्यक्ष पद के लिए घोषित किया था।

गोटेगांव में नगर पालिका अध्यक्ष उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

गोटेगांव. १५ पार्षदों वाली नगर पालिका गोटेगांव के अध्यक्ष पद पर गुरु नानक वार्ड से एससी वर्ग से इकलौती पार्षद पूनम ठाकुर को भाजपा का बहुमत होने से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इस सम्मेलन में सभी १५ पार्षद गण सम्मलित हुए। अध्यक्ष का सपना देख रहीं श्रद्धा चौकसे को उपाध्यक्ष पद से संतोष करना पड़ा है।
ऐसे चमकी पूनम की किस्मत
वार्डों और अध्यक्ष पद के आरक्षण प्रकिया के समय नगर पालिका अध्यक्ष का पद एससी महिला के लिए आरक्षित होने की बात सामने आई थी । चुनाव की प्रकिया प्रारंभ हुई तो अधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष का पद एससी महिला की जगह ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हो गया है। जिसकी वजह से एससी सीटों की ओर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया और ओबीसी महिला को विजयी बनाने के लिए लाखों रुपए पानी की तरह बहाए। बाद में कलेक्टर ने बताया कि २०१४ में जो गलती हुई है। उसमें सुधार किया गया है और नगर पालिका अध्यक्ष का पद एससी के लिए आरक्षित किया गया है। भाजपा के पास 15 में से 12 पार्षद थे उनमें एससी वर्ग से इकलौती पार्षद पूनम थीं। इस कारण कोई दूसरा दावेदार नहीं होने पर भाजपा पार्षद अध्यक्ष बन गईं। अध्यक्ष की दावेदारी छिन जाने से श्रद्धा चौकसे को पार्टी ने उपाध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया जबकि इस पद के लिए कई दावेदार मंगलवार तक ताल ठोक रहे थे।
-----------------