16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नरसिंहपुर प्रदेश में तीसरा व संभाग में पहले नंबर पर 10वीं-12वीं बोर्ड की मेरिट सूची में 7 विद्यार्थियों ने बनाई जगह

Class 10 and Class 12 examination results नरसिंहपुर. बुधवार को घोषित कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं परीक्षा के परिणाम में जिले को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है। जबकि संभाग में जिला प्रथम स्थान पर है। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 91.21 प्रतिशत और कक्षा 12वीं का परिणाम 92.62 प्रतिशत रहा। जिले के 10वीं में […]

4 min read
Google source verification
बुधवार को घोषित कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं परीक्षा के परिणाम में जिले को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है। जबकि संभाग में जिला प्रथम स्थान पर है। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 91.21 प्रतिशत और कक्षा 12वीं का परिणाम 92.62 प्रतिशत रहा।

मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले बच्चों का सम्मान हुआ।

Class 10 and Class 12 examination results नरसिंहपुर. बुधवार को घोषित कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं परीक्षा के परिणाम में जिले को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है। जबकि संभाग में जिला प्रथम स्थान पर है। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 91.21 प्रतिशत और कक्षा 12वीं का परिणाम 92.62 प्रतिशत रहा। जिले के 10वीं में 5 और 12वीं में 2 विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया है। हालांकि वर्ष 2025 के मुकाबले परिणाम में थोड़ी गिरावट हुई है। बुधवार को स्कूलों में परिणाम जानने जहां बच्चे पहुंचे वहीं सफल विद्यार्थियों के स्वागत-सम्मान के आयोजनों से उत्सव सा नजारा रहा।


बच्चों का सम्मान कर सराहा
कलेक्टर रजनी सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार कुशवाहा, डाइट प्राचार्य राजीव किशोर श्रीवास्तव, बीईओ ब्रजेश शर्मा सहित शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

कक्षा 10वीं का प्रदर्शन
कुल दर्ज परीक्षाथी-13087
परीक्षा में शामिल-13040
प्रथम श्रेणी-9494
बालक-4215
बालिका- 5279
द्वितीय श्रेणी-2371
तृतीय श्रेणी-29
कुल परिणाम-91.21 प्रतिशत

कक्षा 12वीं का प्रदर्शन
कुल दर्ज परीक्षाथी- 11110
परीक्षा में शामिल-11092
प्रथम श्रेणी- 8267
बालक-3430
बालिका-4837
द्वितीय श्रेणी- 1988
तृतीय श्रेणी- 18

कुल परिणाम- 92.62 प्रतिशत


किसान चंद्रप्रताप की बेटी शिल्पा-शिखा लाईं खुशियां


जिले के कुम्हड़ी गांव निवासी किसान चंद्रप्रताप की बेटियों शिल्पा और शिखा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार को सफलता का उपहार दिया है। शिल्पा ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 490 अंक हासिल कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान हासिल किया है। शिल्पा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को दिया। कहा कि स्कूल में नियमित उपस्थिति व घर पर पढ़ाई की। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। घर में पिता चंद्रप्रताप व माता सोमवतीबाई ने पढ़ाई करने प्रेरित किया। पिता रोज करीब चार किमी दूर उसे व बड़ी बहन शिखा को स्कूल छोडऩे व लेकर आते थे। शिल्पा शिक्षिका बनना चाहती हैं। वे बायो साइंस से आगे की पढ़ाई करेंगी। शिल्पा की बड़ी बहन शिखा ने भी बारहवीं बोर्ड में कला संकाय से 90.8 फीसदी अंक प्राप्त कर परिवार को दोहरी खुशी दी है।

किसान की बेटी अंशिका ने पढ़ाई के लिए चलाई साइकिल

जनपद चांवरपाठा के ग्राम चिलका निवासी अंशिका के पिता रामकुमार किसान हैं। घर में उनकी दो बहनें व एक भाई भी है। वे माता-पिता की दूसरे नंबर की संतान हैं। अंशिका ने दसवीं बोर्ड में आठवां स्थान अर्जित किया है। अंशिका रोजाना घर से तीन किमी दूर काशीखैरी के शासकीय स्कूल में पढऩे साइकिल से आना-जाना करतीं थीं। घर पर भी औसतन तीन घंटे पढ़ाई की। शिक्षकों का उन्हें मार्गदर्शन मिला। अंशिका को दसवीं बोर्ड परीक्षा में 492 अंक अर्जित हुए हैं। अंशिका को इंजीनियर बनना है, वे गणित विषय से आगे की पढ़ाई करेंगी।

गौरव की चाह पिता की तरह बनें चिकित्सक
सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोटेगांव के छात्र गौरव पुरी गोस्वामी ने दसवीं बोर्ड परीक्षा की राज्य प्रावीण्य सूची में छठवां स्थान अर्जित किया है। गौरव को 494 अंक अर्जित हुए। गौरव के पिता बलराम पुरी गोस्वामी पेशे से चिकित्सक व मां ज्योति गृहिणी हैं। गौरव भी पिता की तरह चिकित्सक बनना चाहते हैं। वे बॉयो साइंस में आगे की पढ़ाई करेंगे।

कृष्णा कौरव की चाह देश की सेवा करना
शासकीय उमा विद्यालय सूखाखैरी के छात्र कृष्णा कौरव ने 10 वीं बोर्ड में 492 अंक प्राप्त करके प्रदेश की प्रावीण्य सूची में आठवां स्थान पाया है। उनके पिता माधव सिंह कौरव किसान व मां आरती कौरव गृहिणी हैं। कृष्णा ने कहा कि आगे वह गणित विषय लेकर अपनी पढ़ाई करेंगे। साथ ही अभी से वे एनडीए की तैयारी में जुट गए हैं। इसके लिए वे ऑनलाइन कोचिंग ले रहे हैं। वे रक्षा के क्षेत्र में आगे बढकऱ देश की सेवा करना चाहते हैं।

प्रांजल ने कहा गणित विषय से करेंगे पढ़ाई
सर्वोदय हायर सेकंडरी स्कूल तेंदूखेड़ा की छात्रा प्रांजल सोनी ने कक्षा 10 वीं की परीक्षा में 500 में से 490 अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 10 वां स्थान प्राप्त किया है। प्रांजल ग्राम इमझिरा में पदस्थ सहायक सचिव पवन सोनी की पुत्री हैं, जबकि उनकी माता शोभना सोनी गृहिणी हैं। भविष्य में गणित विषय को अपनाकर आगे बढऩे की बात कही है।

माही साहू बनना चाहतीं हैं फॉरेंसिक साइंटिस्ट
नरसिंहपुर के शासकीय सांदीपनी विद्यालय की छात्रा माही साहू ने विज्ञान संकाय में 482 अंक अर्जित कर प्रदेश की मेरिट सूची में 10 वां स्थान प्राप्त किया है। माही ने जीवन में आने वाली चुनौतियों के आगे अपना हौसला कायम रखा। उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है। बड़े पिता नवनीत साहू और बड़ी मां विनीता साहू के स्नेह और प्रोत्साहन के दम पर माही ने जी-तोड़ मेहनत की और आज पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। जीव विज्ञान की छात्रा माही का सपना एक फॉरेंसिक साइंटिस्ट बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। नियमित अध्ययन, सटीक समय प्रबंधन, परीक्षा के दौरान रिवीजन और डाउट क्लियर करना ही उनकी सफलता की कुंजी रहा।

पानीपुरी बेचने वाले पिता के बेटे आदित्य ने मेरिट में बनाई जगह, परिवार में खुशी
साईंखेड़ा के बाजार में पानीपुरी बेचकर परिवार का गुजारा करने वाले जनक कुशवाहा के बेटे आदित्य की सफलता ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आदित्य ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 485 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया है मूलत: भिंड जिले के रहने वाले जनक कुशवाहा पिछले कई वर्षों से साईंखेड़ा में ही निवास कर रहे हैं और पानीपुरी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की इस उपलब्धि से वे बेहद खुश हैं। आदित्य ने बताया कि उसका लक्ष्य नेशनल डिफेंस एकेडमी में जाकर देश सेवा करना है। उसने स्कूल की पढ़ाई के साथ ही शिक्षकों से मार्गदर्शन लेकर तैयारी की। पढ़ाई के साथ-साथ आदित्य अपने पिता के काम में भी हाथ बंटाता रहा। जनक कुशवाहा ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बड़ी बेटी और छोटा बेटा आदित्य है। उन्होंने कहा कि पानीपुरी के छोटे से व्यवसाय से ही उनका परिवार चलता है, लेकिन उनका लक्ष्य है कि बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें और उनका भविष्य उज्ज्वल हो।