वायुसेना का C-17 विमान काबुल से गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतरा। विमान में 168 लोग सवार थे।
तेहरान। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद से भारतीय वायुसेना सक्रिय हो गई है। भारतीय वायुसेना काबुल से लोगों को निकाल रही है। इसके साथ यहां पर रह रहे अल्पसंख्यकों को भी निकालने का प्रयास हो रहा है। रविवार को वायुसेना का C-17 विमान काबुल से गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतरा। विमान में 168 लोग सवार थे। इसमें 107 भारतीय नागरिक हैं। रेस्क्यू करने वाले लोगों में अफगानिस्तान के एक सिख सांसद थे, जिनके साथ कुछ और नेता भी शामिल थे।
सांसद ने कहा, सबकुछ खत्म हो चुका है
अफगानिस्तान से सुरक्षित भारत पहुंचने के बाद अफगान सिख सांसद नरेंद्र सिंह खालसा भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे जब पूछा गया कि एक सांसद के तौर पर अपने मुल्क को छोड़ना कितने दर्द की बात होती है, तो उन्होंने कहा मुझे इस पर रोना आता है। उन्होंने अपने आंसुओं को पोछते हुए कहा, अफगानिस्तान में हम पीढ़ियों से रह रहे थे। इस तरह के हालात जो हमने कभी नहीं देखे वो अब देख रहे हैं। अब सबकुछ खत्म हो चुका है। 20 साल जो सरकार बनी थी, सबकुछ खत्म हो गया, सब जीरो है।"
नरेंद्र सिंह खालसा ने इसी के साथ पीएम मोदी और भारत सरकार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने गुहार लगाई कि भारतीय वायुसेना अफगानिस्तान में फंसे बाकी सिखों को भी बचाए। उन्होंने जानकारी दी कि अभी भी एक गुरुद्वारे में करीब 280 सिख आस लगाए बैठे हैं कि कोई उनकी मदद के लिए वहां पहुंचेगा।