
Car Stunts in Farewell Party: गुजरात के सूरत शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल के विदाई समारोह से पहले 12वीं के छात्रों द्वारा खतरनाक स्टंट करते हुए रील बनाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जबकि पुलिस गाड़ी मालिकों पर एक्शन की तैयारी कर रही है। छात्रों पर बोर्ड परीक्षा के बाद कार्रवाई के संकेत दिए हैं। व्यापक आक्रोश के बाद सूरत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लग्जरी कारों के काफिले में शामिल छात्रों और उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें सूरत के किशोर बोर्ड परीक्षा से पहले अपनी विदाई का जश्न मनाने के लिए लग्जरी कार रैली का आयोजन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अपने अंतिम दिन के लिए ब्लेज़र पहने हुए छात्र लग्जरी कारों के काफिले में अपने स्कूल की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें कार की खिड़कियों से बाहर झुकते हुए, सनरूफ के माध्यम से नाचते हुए और सेल्फी लेते हुए दिखाया गया है। इसके साथ ही खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। छात्रों ने ड्रोन और कैमरों से अपनी यात्रा को रिकॉर्ड किया है। बॉलीवुड फिल्म 'एनिमल' के संगीत के साथ घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ओलपाड़ क्षेत्र स्थित फाउंटेन हैड स्कूल में फेयरवेल पार्टी में एंट्री के लिए 12वीं के 35 छात्रों ने स्कूल से घर तक लग्जरी कारों की रैली निकाली। इस दौरान रसूखदार परिवारों के छात्रों ने सडक़ों पर खूब उत्पात मचाया। कारों के रूफ टॉप से बाहर निकलकर तेज म्यूजिक के साथ शोर मचाते हुए सोशल मीडिया रील्स बनाई थी। रील्स बनाने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया था। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया में ये रील्स वायरल होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने कार्रवाई कर 12 कारें जब्त की, लेकिन छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने फिलहाल बोर्ड परीक्षाएं होने के कारण छात्रों पर कार्रवाई रोक दी है।
इस मामले में स्कूल प्रशासन ने सफाई देते हुए बताया कि हमने सभी अभिभावकों को ई-मेल कर छात्रों को स्कूल बस में ही भेजने के लिए कहा था। हमने छात्रों को निजी वाहन लाने की अनुमति नहीं दी थी। बताया है कि कुछ छात्र तो अपनी कारों में ड्राइवर को साथ लेकर आए थे।
Updated on:
12 Feb 2025 10:43 am
Published on:
12 Feb 2025 10:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
