JNU New Rule: जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में अब रात 10 से सुबह 6 बजे तक बाहरी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बीती रात जेएनयू में छात्राओं से छेड़छाड़ और उन्हें अगवा किए जाने की कोशिश के बाद विवि प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
JNU New Rule : दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में बीती रात लड़कियों से छेड़छाड़ और उन्हें अगवा करने की कोशिश हुई थी। इस घटना के बाद छात्रों में काफी आक्रोश था। छात्र-छात्राओं ने मामले की शिकायत जेएनयू प्रशासन से की थी। छात्रों की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए जेएनयू प्रशासन ने अब सख्त फैसला लिया है। जेएनयू प्रशासन ने फैसला लिया है कि अब विश्वविद्यालय परिसर के भीतर रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मतलब कि रात 10 से सुबह 6 बजे तक जेएनयू परिसर में किसी भी बाहरी वाहन की एंट्री नहीं हो सकेगी। जेएनयू प्रशासन ने सर्कुलर जारी करते हुए अपने परिसर में रहने वाले सभी छात्रों समेत अन्य निवासियों से अनुरोध है कि जेएनयू सुरक्षाकर्मियों द्वारा पूछे जाने पर प्रवेश द्वार पर अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करें।
जेएनयू से छात्राओं को अगवा करने का क्या है मामला
6 जून की रात करीब साढ़े 12 बजे दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में एक चौंकाने वाली घटना हुई। छात्रों के मुताबिक यहां हरियाणा नंबर के रजिस्ट्रेशन वाली एक सफेद कार में सवार नशे में धुत लड़के कैंपस में घुसा आए। आरोप है कि नशे में धुत इन कार सवार लड़कों ने विश्वविद्यालय परिसर की सड़क पर से दो लड़कियों का अपहरण करने का प्रयास किया था।
अब जेएनयू प्रशासन ने लिया यह फैसला
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल की उन घटनाओं को गंभीरता से लिया है, जहां बाहरी लोगों ने जेएनयू परिसर में प्रवेश किया और रात के समय कानून व्यवस्था की समस्या पैदा की। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर के भीतर रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लेते हुए अपने इस फैसले से सभी छात्रों शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ को अवगत कराया है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि सभी कैंपस में रहने वाले निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे मुख्य गेट पर व्यक्तिगत रूप से या फोन कॉल के माध्यम से अपने मेहमानों की पुष्टि करें और उनकी पहचान करें।
जेएनयू की सुरक्षा के लिए 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम
विश्वविद्यालय ने सभी हितधारकों से अनुरोध किया है कि परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों के साथ सहयोग करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति या सहायता के लिए छात्रों को इमरजेंसी नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय का कहना है कि जेएनयू के गेट पर सुरक्षा व इसे मॉनिटर करने के लिए नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत है।
यह भी पढ़ें - JNU की पूर्व छात्रा शेहला रशीद पर चलेगा मुकदमा, दिल्ली LG ने दी मंजूरी, जानिए पूरा मामला