
पंजाब के दिवंगत अग्निवीर को सैन्य सम्मान न देने का आरोप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (Aap) ने अग्निवीर योजना को लेकर रविवार को मोदी सरकार पर तीखा हमला किया। आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए पंजाब के अग्निवीर को सैन्य सम्मान नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे मोदी सरकार की अग्निवीर योजना की सच्चाई देश के सामने आ गई है।
चड्ढा ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पंजाब के मनसा जिले के कोटली गांव निवासी अग्निवीर अमृतपाल सिंह की गत 11 अक्टूबर को राजौरी सेक्टर में ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई। अमृतपाल की पार्थिव देह बिना तिरंगे में लपेटे एक निजी एंबुलेंस से सिविल वर्दी वाले एक हवलदार व दो सैनिकों के साथ पैतृक गांव भेजी गई। सैन्य सम्मान नहीं मिलने पर पंजाब पुलिस ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।
उन्होंने कहा कि इस घटना से केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों पर बड़ा प्रश्न चिह्न खड़ा होता है। साथ ही अग्निवीर योजना लागू होने के बाद एक बार फिर सैनिकों के मनोबल पर असर पड़ने की आशंका पुष्ट हो रही है। आम आदमी पार्टी शहीद सैनिकों का यह अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकती। पंजाब सरकार ने अमृतपाल के परिवार को एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि व शहीद का दर्जा देने का फैसला किया है।
Published on:
15 Oct 2023 10:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
