12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Himachal Political Crisis: ‘काले नागों ने ईमान बेच दिया…’, बागी विधायकों पर जमकर बरसे सीएम सुक्खू

Himachal Political Crisis: हिमाचल में जारी सियासी संग्राम के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक जनसभा में बागी विधायकों पर जमकर बरसे और कहा कि जिन लोगों ने पार्टी को धोखा दिया, उन्हें कोई नहीं बचा सकता।

2 min read
Google source verification
sukhwinder_singh_sukhu_black_snake.jpg

Himachal Political Crisis Update: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के धर्मपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने अपना ईमान बेच दिया और पार्टी के विरुद्ध जाकर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट किया। क्रॉस वोटिंग करने वालों 6 कांग्रेस विधायकों को आड़े हाथ लेते हुए सुक्खू ने उन्हें काला नाग तक बता डाला। सुक्खू ने कहा, "जिन लोगों ने क्रॉस वोट के लिये अनैतिक आचरण अपनाया, पार्टी को धोखा दिया, उन्हें कोई दैवीय ताकत भी नहीं बचा सकती। 28 फरवरी को बजट पारित होना था, लेकिन कुछ विधायकों ने अध्यक्ष को धमकाया। सीपीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस की सुरक्षा में कांग्रेस पार्टी के छह बागी विधायक हेलीकॉप्टर से शिमला पहुंचे, लेकिन बजट पास कराने के लिये विधानसभा में नहीं बैठे। आज बागी छिपे हुए हैं, वो काले नाग हैं और परिजन भी उनके लिये परेशान हैं।"

छह विधायकों ने विश्वासघात किया

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आम लोगों के राज्य सरकार ने बिना किसी मांग के अनेक कल्याणकारी योजनायें शुरू की हैं, जो शायद भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) को पसंद नहीं आयी। अपने पहले बजट में राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के प्रयास किये, जबकि इस बार दूसरे बजट में आम लोगों के लिये कई प्रावधान किये गये हैं।

उन्होंने कहा कि न्यूनतम दिहाड़ी बढ़ाकर 400 रुपये की, विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने के लिये राज्य सरकार योजना लायी तथा दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया, लेकिन जब बजट पारित करने की बारी आयी तो पार्टी के ही छह विधायकों ने विश्वासघात किया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों के तहत आज प्रदेश के 4000 अनाथ बच्चे सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं आपके लिये आया हूं, आपके लिये काम करूंगा और षड़यंत्रों से डरने वाला नहीं। प्रदेश की संपदा को किसी भी कीमत पर लुटने नहीं दूंगा। जो ईमान बेचकर आये हों, वे क्या सेवा करेंगे। धन नहीं, बल्कि जनता ही वर्तमान राज्य सरकार की ताकत है।"

भाजपा चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष शायद सत्ता के भूखे हैं जबकि उन्हें कुर्सी से अधिक जनता की सेवा का मोह है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन भर उन्होंने संघर्ष किया, मुसीबतों का डटकर सामना किया है। वर्तमान राज्य सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल अवश्य पूरा करेगी।

उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बने हैं और श्री गांधी ने ही उन्हें गरीबों की ईमानदारी से सेवा करने की राह दिखाई है। वर्तमान राज्य सरकार आमजन की सरकार है और आम आदमी का शोषण कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।