जेपी नड्डा पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करने के लिए गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां मंत्री व विधायकों सहित अन्‍य नेताओं ने नड्डा का गर्मजोशी से स्‍वागत किया। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद वह पंच परमेश्वर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज पंच परमेश्वर सम्मेलन में हिस्सा लिया। पंच परमेश्वर सम्मेलन में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के 17 हलकों के प्रधान, उपप्रधान, शहरी निकायों के पार्षद और जिला परिषद सदस्य भी शामिल हुए। इसके साथ ही पंच परमेश्वर सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी सौदान सिंह और कांगड़ा व चंबा के विधायक और मंत्री भी मौजूद रहे। जेपी नड्डा कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए आज गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां मंत्री व विधायकों सहित अन्य नेताओं ने नड्डा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पंच परमेश्वर सम्मेलन में जेपी नड्डा के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, वन मंत्री राकेश पठानिया, शाहपुर की विधायक व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी आदि नेता मंच पर बैठे। वहीं, जेपी नड्डा ने कांगड़ा 'पंच परमेश्वर सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा, "यहां निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, हम यहां सीटों पर बैठने नहीं आए हैं, हम हिमाचल प्रदेश की छवि और भाग्य बदलने आए हैं।"
जेपी नड्डा ने कहा, "पीएम मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने चाय बागानों के लिए बहुत काम किया। राज्य में मोबाइल वैन-डिस्पेंसरी की त्वरित डिलीवरी द्वारा चाय-श्रमिकों की दुर्दशा का समाधान किया गया।" उन्होंने आगे कहा, "हमारे सभी विरोधी वंशवादी हैं। भाजपा की विचारधारा, नेतृत्व, ताकत और मूल्य देश के किसी अन्य राजनीतिक दल के पास नहीं हैं।"
पंच परमेश्वर सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आने की भी संभावना थी, मगर वह चंबा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की व्यवस्था में व्यस्त हैं। बता दें, जेपी नड्डा नौणी ग्राउंड में 10 अक्टूबर को होने वाले शिमला संसदीय क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों के सम्मेलन में भी शामिल होंगे। जेपी नड्डा के सोलन प्रवास कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए पार्टी पदाधिकारियों में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है।
यह भी पढ़ें: BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुवाहाटी स्टेट गेस्ट हाउस में किया पौधारोपण; देखें वीडियो