संसद द्वारा अधिनियमित सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 में पहली बार गिग वर्कर्स और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को परिभाषित किया गया है। संहिता में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याण संबंधी प्रावधानों का उल्लेख किया गया है।
संहिता जीवन और विकलांगता कवर, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य और मातृत्व लाभ, वृद्धावस्था सुरक्षा आदि से संबंधित मामलों पर गिग श्रमिकों और प्लेटफॉर्म श्रमिकों के लिए उपयुक्त सामाजिक सुरक्षा उपायों को तैयार करने का प्रावधान करती है। गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा और कल्याण लाभ प्रदान करने के लिए एक रूपरेखा का सुझाव देने के लिए विभिन्न हितधारकों के प्रतिनिधियों वाली एक समिति का गठन किया गया था। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने एग्रीगेटर्स को ई-श्रम पोर्टल पर खुद को और उनके साथ जुड़े प्लेटफॉर्म वर्कर्स को पंजीकृत करने के लिए एक सलाह जारी की थी।