
Captain Amarinder Singh and Sunil Jakhar appointed as members of National Executive of BJP
BJP National Executive: गुजरात चुनाव के बीच आज भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यसमिति का विस्तार किया है। इसमें तीन सदस्य शामिल किए गए हैं। जिसमें से दो पंजाब से जबकि एक उत्तर प्रदेश से हैं। राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल किए गए नए सदस्यों में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुनील जाखड़ और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल है। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ लंबे समय तक कांग्रेस में थे। दोनों कुछ माह पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब भाजपा ने इन दोनों को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाकर बड़ा इनाम दिया है। इसके अलावा कांग्रेस के एक और नेता और पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल तो भी भाजपा ने बड़ी जिम्मेवारी दी है।
कुछ दिनों पहले कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल को भाजपा ने राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ और स्वतंत्र देव सिंह के सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जबकि राष्ट्रीय कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्यों में मदन कौशिक, विष्णुदेव साव, एस राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, मनोरंजन कालिया और अमनजोत कौर रामुवालिया को शामिल किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यसमिति में नए सदस्यों के शामिल किए जाने के आशय का पत्र भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। जारी पत्र में कहा गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। कार्यसमिति सदस्य में शामिल किए गए सदस्यों में पंजाब के कई प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ के अलावा विशेष आमंत्रित राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों में शामिल एस. राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, मनोरंजन कालिया, अमनजोत कौर रामुवालिया भी पंजाब से हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए गए जयवीर शेरगिल भी पंजाब के रहने वाले हैं। इसके अलावा मदन कौशिक उत्तराखंड तो विष्णुदेव साव छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
यह भी पढ़ें - बीजेपी का 'मास्टर प्लान', PM उदय योजना से 50 लाख लोगों को मिलेगा घर
Published on:
02 Dec 2022 03:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
