16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बम की धमकी से मची अफरा-तफरी, चंडीगढ़ के कई स्कूलों को बनाया निशाना

Punjab Bomb Threat: चंडीगढ़ में आज कई प्रमुख स्कूलों, दो एयर इंडिया उड़ानों और सचिवालय को बम धमकी वाले ईमेल मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सभी स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया।

2 min read
Google source verification

चंडीगढ़ के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी (AI Image)

Bomb Threat in School: आज (गुरुवार) सुबह चंडीगढ़ में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शहर के कई प्रमुख स्कूलों, दो एयर इंडिया उड़ानों और चंडीगढ़ सचिवालय को बम धमकी से जुड़े ईमेल मिले। धमकी भरे ईमेल सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और सभी स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान अभी भी जारी है।

इन स्कूलों को मिली बम धमकी

  • सेंट सोल्जर इंटरनेशनल स्कूल (सेक्टर 45)
  • रयान इंटरनेशनल स्कूल (सेक्टर 49)
  • अजीत करम सिंह इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल
  • सौपिन्स स्कूल (सेक्टर 32)
  • सेंट जॉन्स स्कूल (सेक्टर 26)
  • कुंदन इंटरनेशनल स्कूल
  • शिवालिक पब्लिक स्कूल
  • विवेक हाई स्कूल (सेक्टर 38)
  • दिल्ली पब्लिक स्कूल (सेक्टर 40)

इन सभी स्कूल परिसरों में सुरक्षा बलों द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

एयर इंडिया उड़ानों और सचिवालय को भी निशाना बनाया

स्कूलों के अलावा दो एयर इंडिया उड़ानों और चंडीगढ़ सचिवालय को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले, जिससे प्रशासनिक स्तर पर चिंता बढ़ गई। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

चंडीगढ़ पुलिस ने बयान जारी करते हुए कहा है कि सभी स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले 6 अप्रैल को भी शहर के कई प्रमुख स्थानों जैसे मेयर कार्यालय, सचिवालय, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, गांधी भवन और कई स्कूलों को बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल मिला था। उस ईमेल में अलग-अलग समय पर हमले की आशंका जताई गई थी, जिसमें स्कूलों, मेयर कार्यालय और सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

जांच जारी, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

लगातार मिल रही इन धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस साइबर फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर ईमेल की उत्पत्ति और इसके पीछे के लोगों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।