
Rahul Gandhi
Haryana Election Congress: हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में घमासान छिड़ गया है। प्रदेश में पार्टी के खराब प्रदर्शन को लेकर गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर समीक्षा बैठक (Congress Review Meeting) हुई। बैठक में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि हरियाणा में पार्टी के नेताओं ने निजी हितों को पार्टी से ऊपर रखा, इस कारण पार्टी के हित नीचे चले गए। बैठक में गुटबाजी का असर दिखाई दिया।
प्रदेश में पार्टी के सबसे भरोसेमंद चेहरे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान बैठक में नहीं पहुंचे। इससे राहुल गांधी नाराज नजर आए। बैठक करीब आधा घंटे चली। पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा विधानसभा चुनाव के पार्टी पर्यवेक्षक अजय माकन ने कहा कि हरियाणा चुनाव के नतीजे अप्रत्याशित रहे। हार के बहुत सारे कारण हैं। इनमें चुनाव आयोग की भूमिका के अलावा नेताओं के मतभेद शामिल हैं। इन सभी मुद्दों पर बातचीत हुई। इन पर आगे कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सिरसा सांसद कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला को नहीं बुलाया गया। हार के बाद सैलजा समर्थक भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। हुड्डा समर्थक ईवीएम को जिम्मेदार बता रहे हैं। कांग्रेस को हरियाणा में 37 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा 48 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
बैठक में हार के कारणों को जानने के लिए फैक्ट फाइडिंग कमेटी बनाने का निर्णय किया गया। कमेटी हरियाणा में जाकर नेताओं से चर्चा करेगी और रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेगी। कमेटी में कौन-कौन शामिल होंगे, इसकी चर्चा नहीं हो सकी। बताया जाता है कि इसकी रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
11 Oct 2024, 8:41 AM IST
Published on:
11 Oct 2024, 8:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.