
कौन बनेगा कर्नाटक का CM? फैसला करेंगे मल्लिकार्जुन खरगे
Karnataka Govt. Formation : कांग्रेस ने इस दक्षिणी राज्य कर्नाटक में 135 सीटें जीती हैं। इस वक्त कांग्रेस में बेहद खुशनुमा माहौल है। बेंगलुरू में रविवार को शांगरी ला होटल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक (CLP) हुई। बैठक में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डी. के. शिवकुमार, कांग्रेस सांसद व नेता के. सी. वेणूगोपाल सहित कांग्रेस के अन्य नेता बैठक में उपस्थित थे। CLP ने सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन का फैसला AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर छोड़ने का निर्णय किया। ऐसी संभावना है कि सिद्दारमैया व डी.के. शिवकुमार सोमवार को दिल्ली आएंगे। वहीं इस बीच, कांग्रेस नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ज्यादा वक्त नहीं लेंगे। वे जल्द ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे। मुझे विश्वास है कि वो मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करने में ज्यादा वक्त नहीं लेंगे।
कौन बनेगा कर्नाटक का नया सीएम
रविवार शाम को कांग्रेस सीएलपी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें यह तय किया जाना था कि, कौन बनेगा कर्नाटक का नया सीएम। कांग्रेस को मुख्यमंत्री पद के चयन के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वजह बहुत साफ है, पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं पूर्व सीएम सिद्दारमैया और राज्य इकाई के प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने कर्नाटक सीएम पद के लिए रुचि दिखाई है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के समर्थक उनके घर के बाहर 'वी वॉन्ट डी.के.' के नारे लगा रहे हैं। वहीं सिद्दारमैया के समर्थक भी नारेबाजी कर रहे हैं।
CLP बैठक में दो प्रस्ताव आए
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में दो प्रस्ताव लाए गए। जिसमें कर्नाटक की जनता का धन्यवाद किया गया और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे यह कहा गया।
कांग्रेस सांसद व नेता के. सी. वेणूगोपाल ने कहा कि विधायकों की राय लेने की प्रक्रिया रविवार रात ही पूरी कर ली जाएगी। यह एक सर्वसम्मत प्रस्ताव है जिसे सिद्धारमैया जी ने पेश किया और डी.के. शिवकुमार सहित सभी वरिष्ठ नेताओं द्वारा इसका समर्थन किया गया है।
तीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए - कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, जितेंद्र सिंह (एआईसीसी जीएस) और दीपक बाबरिया (पूर्व एआईसीसी जीएस) को कर्नाटक के सीएलपी नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों के रूप में प्रति नियुक्त किया है।
कर्नाटक की जनता ने लोकतंत्र को बचाया - सुशील कुमार शिंदे
बेंगलुरू पहुंचने के बाद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि नेताओं से मिलने के बाद फैसला होगा। कर्नाटक की जनता ने लोकतंत्र को बचाया है।
क्या बोले मल्लिकार्जुन खरगे
कर्नाटक का मुख्यमंत्री चुनने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह जनता की जीत है। कर्नाटक में जनता ने भाजपा को नकार दिया है। जनता ने मिलकर भारी बहुमत से कांग्रेस को जिताया है। कांग्रेस पार्टी को काफी समय बाद यह बहुमत मिला है। एक-दो दिन में विधायक दाल का नेता भी चुन लिया जायेगा।
बैठक पूर्व वोक्कालिगा संत ने किया शिवकुमार का समर्थन
वोक्कालिगा संत निर्मलानंदनाथ स्वामी ने एक बैठक की और कहा कि शिवकुमार मुख्यमंत्री बनने के योग्य हैं। इस प्रभावशाली मठाधीश ने कहा कि शिवकुमार ने पार्टी के लिए प्रयास किए थे और इसे विधिवत स्वीकार किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि मठ तथा वोक्कालिगा समुदाय उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और शिवकुमार का समर्थन करेंगे जैसे उन्होंने पूर्व पीएम एच.डी. देवेगौड़ा, एच.डी. कुमारस्वामी और एस.एम. कृष्णा का समर्थन किया था। सूत्रों ने कहा कि सिद्धारमैया खेमा भी पद के लिए समान रूप से पैरवी कर रहा है और 100 विधायकों का समर्थन हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
Updated on:
15 May 2023 09:02 am
Published on:
14 May 2023 07:22 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
