
11 वर्षीय बच्चा सूरज कुमार (फोटो - पत्रिका ग्राफिक्स)
बिहार के औरंगाबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां आपसी रंजिश के चलते एक शख्स ने अपने पड़ोसी के 11 साल के बेटे को पहले किडनैप किया और फिर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया। मृतक बच्चे की पहचान मंटू दास पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सूरज के हत्यारे पड़ोसी को हिरासत में ले लिया है।
यह मामला सलैया थाना क्षेत्र के राजा गरडी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतक सूरज हर रोज की तरह सोमवार को भी स्कूल से आने के बाद घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के सभी सदस्य अपने कामों में लगे थे और तभी उनका ध्यान गया कि सूरज गायब हो गया है। बच्चे के गायब होने से घर के सभी लोग डर गए और जल्द ही यह बात आसपास के घरों में भी फैल गई। सूरज के घरवालों के साथ-साथ पड़ोसी भी बच्चे को ढूंढने में जुट गए।
इसी दौरान गांव के मुखिया ने बताया कि सूरज को आखिरी बार पड़ोसी सोनू के साथ बगीचे की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद घरवाले तुरंत सोनू के पास पहुंचे लेकिन उसने सूरज के साथ होने की बात से इनकार कर दिया। बार-बार पूछने पर भी जब सोनू ने कोई जवाब नहीं दिया तो आखिरकार परेशान होकर सूरज के घरवालों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। परिवार की शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने सोनू को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान पहले तो सोनू ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में सख्ती से पूछे जाने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सोनू ने बताया कि उसका मृतक बच्चे के परिवार से पुराना जमीन का विवाद चल रहा था इसी का बदला लेने के लिए उसने घटना को अंजाम दिया। वह पहले सूरज को बहला-फुसलाकर घर से दूर ले गया और फिर उसने गला रेतकर बेरहमी से बच्चे को मार डाला। इसके बाद सोनू ने बोरे में भरकर सूरज का शव झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने सोनू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Updated on:
20 Jan 2026 04:21 pm
Published on:
20 Jan 2026 04:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
