
गुजरात सहित इन राज्यों पर Cyclone Biporjoy का खतरा, आज-कल में केरल में मॉनसून की एंट्री
Cyclone Biporjoy Update: 'मोचा' के बाद अब एक और चक्रवात 'बिपरजॉय' भारत के तटीय इलाकों से टकराने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय बना है। यह 8 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे, गोवा से लगभग 860 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, मुंबई से 910 किमी दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। मौसम विभाग के अनुसार यह और तेज होगा और उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। आज इस तूफान के भीषण रूप पकड़ने की बात कही गई है। चक्रवाती तूफान के कारण समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठने की संभावना है। जिस कारण मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह की दी गई है।
गुजरात में जारी किया गया अलर्ट
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुजरात में अलर्ट जारी किया है। यह चक्रवाती तूफान गुजरात के पोरबंदर से दक्षिण-पश्चिम में करीब 1,060 किलोमीटर दूर है। वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार का कहना है कि वह किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इन इलाकों में देखने को मिलेगा असर
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर केरल-कर्नाटक के तटों और लक्षद्वीप-मालदीव के इलाकों में देखने को मिलेगा। इसके साथ ही कोंकण-गोवा-महाराष्ट्र तट पर 8 से 10 जून तक समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह चक्रवाती तूफान बिपरजॉय 8-9 जून को प्रचंड रूप धारण कर सकता है।
मानसून को लेकर आईएमडी ने क्या कहा
इधर मानसून को लेकर भी आईएमडी का अलर्ट सामने आया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के हवाले से लिखा कि केरल में दो दिन के भीतर मानसून शुरू होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवाती तूफान मानसून की तीव्रता को प्रभावित कर रहा है और केरल के ऊपर इसकी शुरुआत हल्की रहेगी।
आज-कल में केरल पहुंचेगा मॉनसून
आईएमडी के अनुसार केरल में मानसून 8 या 9 को दस्तक दे सकता है, लेकिन हल्की बारिश की ही संभावना है। अरब सागर से उठा ‘बिपरजॉय’ तूफान पाकिस्तान की ओर बढ़ चला है। समुद्र में जिस जगह यह तूफान पनपा, उससे ठीक दक्षिण में मानसून अटका हुआ था। इसलिए अब मानसून के लिए रास्ता खुल गया है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून कल यानी 9 जून को केरल पहुंच सकता है।
दिल्ली में भी सुहाना रहेगा मौसम
बिपरजॉय तूफान के चलते मौसम विभाग ने मुंबई में मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी है। जिसके बाद मछआरों ने अपनी नावों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इधर बात दिल्ली के मौसम की करें तो राजधानी दिल्ली में अगले चार से पांच दिन तक हीटवेव की संभावना नहीं है।
हालांकि, अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी। बुधवार को दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें - कैसे तय होती है मानसून की एंट्री? क्यों हो रही देरी, क्या होगा प्रभाव, जानिए सभी सवालों के जवाब
Published on:
08 Jun 2023 09:53 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
