
दिल्ली में सड़कों पर आई यमुना, गली-मोहल्ले डूबे, 16 हजार लोग किए गए शिफ्ट
Delhi Flood Yamuna River Major Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बाढ़ से हाहाकार मचा है। यमुना नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। गुरुवार सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 205 से तीन मीटर ऊपर है। इससे पहले कल दोपहर 1 बजे नदी बाढ़ के उच्चतम रिकॉर्ड 207.49 मीटर को पार कर गई। यमुना का जलस्तर बढ़ने से रिंग रोड आईटीओ में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ। यमुना के आस-पास बसे मोहल्लों में बाढ़ का पानी भर गया है। दुकान-मकान तक डूब चुके हैं। लोग घरों की छत पर तो सड़कों किनारे शरण लिए हुए हैं। इधर यमुना के बढ़ते जल स्तर को लेकर एलजी ने गुरुवार को डीडीएमए की बैठक बुलाई है।
लालकिले तक पहुंचा बाढ़ का पानी
दिल्ली में यमुना में आई उफान से नदी का पानी रिहायशी इलाकों में घुसा आया है। काश्मीरी गेट, आईटीओ, नोएडा लिंक रोड, मयुर विहार, अक्षरधाम, यमुना बैंक जैसे इलाकों में पानी भर आया है। इस बीच दिल्ली में पॉश इलाकों में शुमार लालकिले तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। राजधानी में बाढ़ से स्थिति विकराल होती जा रही है।
यमुना में आई बाढ़ से दिल्ली मेट्रो पर भी प्रभाव पड़ने लगा है। दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन पर स्थित यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन बाढ़ के पानी से घिर गया है। ऐसे में यहां यात्रियों की एंट्री-एग्जिट बंद कर दी गई है। डीएमआरसी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। नदी का जलस्तर यूं ही बढ़ता रहा तो यमुना बैंक में मेट्रो ट्रैक पर भी पानी आ सकता है।
स्कूल और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद
बाढ़ के कारण दिल्ली के जलग्रस्त इलाकों में सभी सरकारी प्राइवेट स्कूल बंद कर दिए गए है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए इसका एलान किया। साथ ही बाढ़ के कारण वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बंद किया गया है। इससे राजधानी में पेयजल की किल्लत हो सकती है।
सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाक़ों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी, कई इलाकों में स्कूल बंद
दिल्ली बाढ़ के बीच लोगों से कहा गया है कि चूंकि यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, इसलिए बिजली लाइन से दूर रहें और किसी भी जरूरत की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें। बाढ़ के कारण सिविल लाइंस जोन के निचले इलाकों में 10 स्कूल बंद कर दिए गए है।
45 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी यमुना
दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर 207.55 मीटर तक जा पहुंचा। जो पिछले 45 साल में सर्वाधिक है। दोपहर 12 बजे नदी का जलस्तर 207.48 था। दो घंटे में 7 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे पहले 1978 में नदी का जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था। अभी भी यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी जारी है।
बुधवार को चार घंटे में 26 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर
दोपहर दो बजे यमुना का जलस्तर 207.55 मीटर था, शाम 6 बजे यह बढ़कर 207.81 मीटर पहुंच चुका है। इसका मतलब है कि बीते चार घंटे में दिल्ली में यमुना के जलस्तर में 26 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जलस्तर बढ़ने की रफ्तार अब भी काफी तेज है। ऐहतियातन दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने मीटिंग के बाद निचले इलाकों के लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
Updated on:
13 Jul 2023 12:17 pm
Published on:
13 Jul 2023 09:18 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
