
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन 46 डिग्री के पार गया पारा, बुधवार से बारिश के आसार
Delhi NCR Weather Update: राजधानी दिल्ली में सोमवार को भी भीषण गर्मी रही। मौसम विभाग के अनुसार, नजफगढ़ में सोमवार को राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पीतमपुरा और नरेला में पारा क्रमश: 45.8 डिग्री और 45.3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा। आयानगर में 44.4 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले रविवार को भी दिल्ली का पारा 46 डिग्री के पार पहुंचा था। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भविष्यवाणी की कि बुधवार से बारिश से कुछ राहत मिलने तक इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बुधवार से शुरू होने वाले उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं लाएगा। गुरुवार तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा।
रविवार को 46.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था तापमान
IMD के मुताबिक, रविवार को नजफगढ़ में सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। ज्यादा तापमान वाले अन्य क्षेत्रों में पीतमपुरा, रोहिणी, बवाना, आयानगर, रिज और पालम आदि शामिल थे, जहां तापमान 43.8 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच था। सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दीर्घकालीन औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था।
दिन में सड़के हो जातीं सुनसान, लू का बढ़ा खतरा
दिल्ली पर भीषण गर्मी का उल्लेखनीय प्रभाव पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर कम वाहन दिखाई दिए। आमतौर पर व्यस्त रहने वाली सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं क्योंकि लोग चिलचिलाती धूप से बचने के लिए आश्रय ढूंढते हैं। पूरे दिन सापेक्षिक आद्र्रता के स्तर में 25 प्रतिशत से 74 प्रतिशत के बीच रही। हालांकि मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान में दिल्ली में 24 से 28 मई तक बारिश के आसार बताए गए है।
ऐसा रहेगा इन राज्यों का हाल
मौसम पूर्वानुमान के बारे में IMD की वैज्ञानिक सोमा राय ने कहा कि सोमवार को दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और बंगाल के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन कल मंगलवार को झारखंड के अलावा कहीं भी हीटवेव अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उन्होंने संभावनाएं जताई है कि कल यानी मंगलवार को देश के इन राज्यों के लोगों को हीटवेव से राहत मिल सकती है। हीटवेव से राहत के पीछे नौतपा को कारण बताया गया है।
जानिए क्या होता है नौतपा
नौतपा के कारण मौसम पर असर होता है। सूर्य के वृषभ राशि के 10 अंश से 23 अंश 40 कला तक को नौतपा कहा जात है। सूर्य 25 मई से लेकर 8 जून तक 23 अंश 40 कला तक रहेगा। इस काल को नौतपा कहा जाता है। नौतपा में सूर्य धरती के करीब रहता है और भारत में सूर्य की किरणें सीधे पड़ती है, जिससे तापमान में काफी वृद्धि होती है और लोगों को भयंकर गर्मी का सहन करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें - 22 से 27 मई तक चक्रवाती तूफान का अलर्ट, उत्तराखंड में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
Published on:
22 May 2023 10:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
