
अभिषेक बनर्जी की पत्नी के बाद अब बंगाल के कानून मंत्री को भी ED का समन
West Bengal Coal Smuggling Case: पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के कोयला तस्करी मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा नरूला बनर्जी को समन जारी किया। उन्हें 8 जून को कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके के सॉल्ट लेक में सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी के कार्यालय में 8 जून को सुबह 11 बजे उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मोलोय घटक को भी ईडी ने समन किया है। मोलोय घटक को 19 जून को दिल्ली में ईडी के दफ्तर में पेश होने को कहा गया है। इससे पहले सोमवार को कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई जाने के दौरान अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा बनर्जी को रोक दिया गया था।
दुबई नहीं जा सकी अभिषेक बनर्जी की पत्नी
दरअसल सोमवार को कोलकाता के दमदम स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा बनर्जी अपने दो बच्चों के साथ दुबई के लिए फ्लाइट लेने आई थी। इस दौरान एयरपोर्ट पर आव्रजन विभाग ने ईडी द्वारा लुकआउट नोटिस का हवाला देते हुए रूजीरा और उनके दो बच्चों को दुबई जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया।
कानून मंत्री को 19 जून को पेश होने को कहा
ईडी ने कोयला तस्करी मामले में पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मोलोय घटक को भी सोमवार को तलब किया और उनसे 19 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय एजेंसी के मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा। ईडी के सूत्रों ने कहा कि पहले घटक ने दो बार उनके समन को इस आधार पर टाल दिया था कि उन्हें शॉर्ट नोटिस पर समन किया गया था। इसलिए इस बार ईडी के अधिकारियों ने उन्हें करीब दो सप्ताह का समय देते हुए समन भेजा है।
पिछले सप्ताह ईडी के निदेशक ने कोलकाता में की थी मीटिंग
ईडी के निदेशक संजय कुमार मिश्रा पिछले सप्ताह कोलकाता में थे और उन्होंने केंद्रीय एजेंसी के शीर्ष अधिकारियों के साथ-साथ अदालत में एजेंसी का प्रतिनिधित्व करने वाले कानूनी जानकारों के साथ बैठकें कीं। मिश्रा ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों जैसे शिक्षक भर्ती मामले, मवेशी तस्करी मामले और कोयला तस्करी मामले की जांच के अगले चरण के बारे में कुछ निर्देश दिए।
राजनीतिक प्रतिशोध में भेजा गया समनः टीएमसी
हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि बनर्जी या घटक पूछताछ के लिए पेश होंगे या नहीं। समन को लेकर सियासी घमासान शुरू हो चुका है। तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने दावा किया है कि ये घटनाक्रम देश में सत्ताधारी दल द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध का प्रतिबिंब हैं। वहीं प्रदेश भाजपा के नेताओं ने घटनाक्रम को केंद्रीय एजेंसियों की जांच का हिस्सा बताया।
यह भी पढ़ें - ममता बनर्जी की बहू के खिलाफ लुकआउट नोटिस, दुबई जा रही थी, एयरपोर्ट पर रोका गया
Published on:
05 Jun 2023 05:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
