Himachal Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव मतदान से ठीक पहले भाजपा के एक प्रत्याशी के यहां से लाखों रुपए कैश जब्त हुए हैं। कैश बरामदगी के मामले पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
Himachal Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। राज्य की कुल 68 विधानसभा सीटों के लिए हो रही मतदान में सुबह में वोटिंग की रफ्तार धीमी थी, हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ा मतदान की रफ्तार बढ़ी। इस बीच एक बड़ी खबर कांगड़ा जिले के बैजनाथ से सामने आई है। जहां के बीजेपी उम्मीदवार और सींटिग विधायक मुल्ख राज प्रेमी की दुकान से चुनाव अधिकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लाखों रुपए कैश जब्त हुए है।
मिली जानकारी के अनुसार सिटिंग MLA और भाजपा प्रत्याशी मुल्ख राज प्रेमी की दुकान से 14 लाख रुपए की नकदी बरामद की गई। यह राशि FST की टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देर रात पकड़ी गई है। नगदी बरामदगी मामले में SDM बैजनाथ का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि ये पैसा भाजपा के अकाउंट से निकाला गया है। आगामी जांच जारी है।
इधर भाजपा विधायक और प्रत्याशी के यहां से मिले पैसे पर कांग्रेस हमलावर है। बैजनाथ सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल का कहना है कि जो पैसा पकड़ा गया है वो लोगों को बांटने के लिए रखा गया था। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव के दौरान कोई भी उम्मीदवार 10 हजार से अधिक पैसे नहीं निकाल सकता। लेकिन अपनी हार को देख कर भाजपा प्रत्याशी बौखला गए हैं। अपनी डूबती नैय्या को पार लगाने के लिए पैसे बांट रहे थे।
दूसरी ओर कैश बरामदगी की भनक लगते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मुल्ख राज प्रेमी की दुकान के बाहर जुट गए। कांग्रेसियों ने मुल्ख राज प्रेमी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बताया गया कि जब्त की गई राशि मुल्ख राज प्रेमी की स्वीट शॉप से पकड़ी गई। इसे लेकर दुकान के मालिक से पूछताछ की जा रही है कि आखिर यह पैसा कहां से लाया गया, इसकी पूछताछ की जा रही है।
बताते चले कि चुनाव के दौरान 10 हजार रुपए से ज्यादा की नकदी साथ ले जाने पर रोक रहती है। प्रत्याशियों के चुनावी खर्च के लिए अलग से बैंक खाता खोला जाता है। पैसे बरामदगी के मामले में BJP के उम्मीदवार मूल्ख राज प्रेमी ने कहा कि जो पैसा पकड़ा गया है, वो उनके पार्टी कार्यलय से पकड़ा गया है। यह पैसा रैलियों और वाहनों की पेमेंट करने के लिए निकाला गया था। अगर मेरी जेब और गाड़ी से पकड़े जाते तब बात कुछ और होती।