
अनुराग मिश्रा। अयोध्या: रामनवमी और चैत्र नवरात्रि अष्टमी, नवमी और दशमी को श्रीरामलला मंदिर में 24 घंटे दर्शन-पूजन की व्यवस्था की तैयारी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन अयोध्या, इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्यों से समन्वय कर रहा है। चैत्र नवरात्र की अष्टमी नवमी दशमी ख़ासकर रामनवमी की इस अवधि में मंदिर के कपाट केवल विशेष पूजन अर्चन भगवान के भोगादि व्यवस्था के दौरान ही बंद किये जाएँगे।
चैत्र नवरात्र पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनज़र पेयजल, सफ़ाई और ठहरने की समुचित व्यवस्था की तैयारी
रामनवमी के अवसर पर नगर में साफ सफाई, लोगों के पेयजल की व्यवस्था तथा गर्मी को देखते हुये श्रद्धालुओं के लिए परिवहन निगम एवं नगर विकास विभाग से समन्वय कर इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जा रही है।
रामलला के दर्शन के लिए भक्तों को ज़्यादा ना चलना पड़े
श्रद्धालुओं को ढाई किमी से ज्यादा चलने की आवश्यकता न हों तथा तुलसी उद्यान आदि स्थानों पर उनके जूते चप्पल रखने की भी व्यवस्था हो। रामनवमी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि पहले की अपेक्षा इस साल बेहतर व्यवस्था की गयी है। पुलिस प्रशासन की ओर से पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर ने तैयारियों के बारे में बताया।
चैत्र नवरात्रा, अयोध्या में चुनाव को देखते हुए तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक
मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि रामलला विराजमान मंदिर के शुरू होने के बाद भीड़ लगातार बढ़ रही है। सभी की सुविधाओं को ध्यान में रखकर नगर निगम, विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग को बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने पुलिस व्यवस्था के सम्बंध में बताया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जायेगी।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक जोन अमरेन्द्र सिंह सेंगर, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज, अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी सलिल कुमार पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, मुख्य चिकित्साधिकारी, उपनिदेशक सूचना, उपनिदेशक पर्यटन, विद्युत सहित अन्य विभागों के अभियन्ता, आरटीओ ऋतु सिंह आदि की मौजूदगी रही।
Published on:
14 Mar 2024 06:53 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
