14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएम नरेंद्र मोदी ‘खादी उत्सव’ में हुए शामिल, चरखा चलाकर काटा सूत, कहा – ‘मेरा सौभाग्य कि मुझे कुछ पल सूत कातने को मिला’

अपने गुजरात दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद में आयोजित खादी महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान वह महात्मा गांधी की तरह चरखा चलाते नजर आए। अपने दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने नगर निगम की ओर से बनाए गए फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन भी किया।

3 min read
Google source verification

image

Archana Keshri

Aug 27, 2022

rime Minister Narendra Modi arrives at ‘Khadi Utsav’ on Sabarmati coast, spins spinning wheel with women artisans

rime Minister Narendra Modi arrives at ‘Khadi Utsav’ on Sabarmati coast, spins spinning wheel with women artisans

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 27 अगस्त से अपने दो दिन की यात्रा पर गुजरात पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी आज गुजरात में कई महत्त्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह गुजरात की राजधानी अहमदाबाद स्थित साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित 'खादी उत्सव' में शामिल हुए। उन्होंने यहां महिला कारीगरों के साथ चरखा चलाकर सूत भी काटा। खादी उत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि साबरमती का ये किनारा आज धन्य हो गया है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7500 बहनों-बेटियों ने एक साथ चरखे पर सूत कातकर नया इतिहास रच दिया है।

पीएम मोदी ने कहा, "मुझे विश्वास है कि यहां मौजूद सभी लोग, इस आयोजन को देख रहे सभी लोग आज यहां 'खादी उत्सव' की ऊर्जा को महसूस कर रहे होंगे। आजादी के अमृत महोत्सव में देश ने आज 'खादी उत्सव' करके अपने स्वतंत्रता सेनानियों को बहुत सुंदर उपहार दिया है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "कुछ दिन पहले गुजरात सहित पूरे देश ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर बहुत उत्साह के साथ अमृत महोत्सव मनाया है। गुजरात में भी जिस प्रकार गांव-गांव, गली-गली हर घर तिरंगे को लेकर उत्साह, उमंग और चारो तरफ मन भी तिरंगा, तन भी तिरंगा, जज्बा भी तिरंगा उसकी तस्वीरें हम सभी ने देखी हैं।" उन्होंने कहा, "आजादी के आंदोलन के समय जिस खादी को गांधी जी ने देश का स्वाभिमान बनाया, उसी खादी को आजादी के बाद हीन भावना से भर दिया गया। इस वजह से खादी और खादी से जुड़ा ग्रामोद्योग पूरी तरह तबाह हो गया। खादी की ये स्थिति विशेष रूप से गुजरात के लिए बहुत ही पीड़ादायक थी।"

खादी को भारत की आजादी से जोड़ते हुए पीएम ने कहा, "इतिहास साक्षी है कि खादी का एक धागा आजादी के आंदोलन की ताकत बन गया, उसने गुलामी की जंजीरों को तोड़ दिया। खादी का वही धागा विकसित भारत के प्रण को पूरा करने का आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने का प्रेरणा-स्रोत बन सकता है।" उन्होंने कहा, "जो देश अपना इतिहास भूल जाते हैं, वो देश नया इतिहास बना भी नहीं पाते हैं। खादी हमारे इतिहास, विरासत का अभिन्न हिस्सा है। जब हम अपनी विरासत पर गर्व करते हैं, तब दुनिया भी उसे मान और सम्मान देती है।"

महिलाओं को लेकर पीएम ने कहा, "भारत के खादी उद्योग की बढ़ती ताकत के पीछे भी महिला शक्ति का बहुत बड़ा योगदान है। उद्यमिता की भावना हमारी बहनों-बेटियों में कूट-कूट कर भरी है। इसका प्रमाण गुजरात में सखी मंडलों का विस्तार भी है। साबरमती का ये किनारा आज धन्य हो गया है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7,500 बहनों-बेटियों ने एक साथ चरखे पर सूत कातकर नया इतिहास रच दिया है। ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे भी कुछ पल सूत कातने के मिले।"

पीएम मोदी ने कहा, "हमने खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन में खादी फॉर ट्रांसफॉर्मेशन का संकल्प जोड़ा। हमने गुजरात की सफलता के अनुभवों का देशभर में विस्तार करना शुरू किया। देशभर में खादी से जुड़ी जो समस्याएं थीं, उनको दूर किया गया। हमने देशवासियों को खादी के प्रोडक्ट खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया। आज भारत के टॉप फैशन ब्रांड खादी से जुड़ने के लिए खुद सामने आ रहे हैं। आज भारत में खादी का रिकॉर्ड उत्पादन और रिकॉर्ड बिक्री हो रही है। पिछले 8 वर्षों में खादी की बिक्री में 4 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। आज पहली बार भारत के खादी और ग्रामोद्योग का टर्नओवर एक लाख करोड़ रुपये से ऊपर चला गया है।" उन्होंने कहा, "खादी sustainable clothing का उदाहरण है। खादी eco-friendly clothing का उदाहरण है। खादी से carbon footprint कम से कम होता है। बहुत सारे देश हैं जहां तापमान ज्यादा रहता है, वहां खादी Health की दृष्टि से भी बहुत अहम है। इसलिए खादी वैश्विक स्तर पर बहुत बड़ी भूमिका निभा सकती है।"

बता दें, अपने दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने नगर निगम की ओर से बनाए गए फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। इस पुल का उपयोग पैदल यात्रियों के अलावा साइकिल चालक भी नदी पार करने के लिए कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुल के उद्घाटन से पहले चार तस्वीरें भी शेयर की थी। पीएम ने जो फोटो साझा किए थे, वे रात के समय के थे और इनमें पुल रोशनी से जगमग बेहद खूबसूरत नजर आ रहा था। वहीं, बताया जा रहा है कि रविवार को पीएम मोदी कच्छ के अंजार कस्बे में वीर बालक स्मारक का भी अनावरण करेंगे।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के गुजरात दौरे से पहले भड़की सांप्रदायिक हिंसा, मच गया हड़कंप