
हरियाणा मर्डर केस (File Photo)
हरियाणा के बहादुरगढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां वेलेंटाइन डे मनाने के कुछ ही घंटों बाद एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। शुरुआत में जिसे पुलिस लूट की वारदात मान रही थी, वह दरअसल पति की सोची-समझी साजिश निकली। झज्जर पुलिस ने महज 18 घंटों के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार रात करीब 11 बजे, गुरुग्राम में कार्यरत चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल धवन ने पुलिस को फोन कर बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश लूट के इरादे से घर में घुसे और उसकी पत्नी की हत्या कर दी। अंशुल के अनुसार, हमलावरों ने उस पर भी हमला किया और उसकी पत्नी का गला काट दिया। लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और अंशुल से पूछताछ शुरू की, तो उसकी कहानी में कई विरोधाभास सामने आए। वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था और कथित हमलावरों का हुलिया तक स्पष्ट नहीं बता सका। इससे पुलिस का शक गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आखिरकार अंशुल टूट गया और उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि अंशुल को अपनी पत्नी महक के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। महक के पिता कृष्ण कथूरिया ने भी शुरुआत से ही अपने दामाद पर शक जताया था। आरोपी ने पहले हाथों में ग्लव्स पहने ताकि कोई फिंगरप्रिंट न मिले। फिर पहले पत्नी का गला दबाया और बाद में कैंची से उसका गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को लूट जैसा दिखाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी गई।
अंशुल मूल रूप से हिसार का रहने वाला है, जबकि महक हांसी की निवासी थी। दोनों की शादी 25 सितंबर 2025 को धूमधाम से हुई थी। महक गुरुग्राम में HDFC Bank में कार्यरत थी, जबकि अंशुल एक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट था। शादी को अभी पांच महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि शक, अविश्वास और क्रोध ने इस रिश्ते का खौफनाक अंत कर दिया।
झज्जर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते यह मामला तेजी से सुलझ गया। यह मामला न केवल घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर पेश करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि संदेह और संवादहीनता किस तरह एक रिश्ते को अपराध में बदल सकती है।
Published on:
17 Feb 2026 09:35 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
