
सिलिंडर फटने से भीषण हादसा (AI Image)
हरियाणा के यमुनानगर जिले के भेड़थल गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एलपीजी सिलेंडर से गैस ट्रांसफर करते समय अचानक आग लग गई। इस हादसे में दो माह की मासूम बच्ची सहित कुल 11 लोग झुलस गए, जिनमें अधिकतर बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के मधुबनी निवासी रामशरण (43) और रामज्ञान (43) अपने परिवारों के साथ भेड़थल गांव में बने क्वार्टरों में रहते हैं और पास की प्लाई फैक्ट्रियों में काम करते हैं। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे रामशरण के क्वार्टर में एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर की जा रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होकर पूरे कमरे में फैल गई। दुर्भाग्यवश पास में चूल्हा जल रहा था, जिससे लीक हुई गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया।
आग लगते ही रामशरण जान बचाने के लिए बाहर भागा, लेकिन वह खुद भी झुलस गया। कुछ ही पलों में जोरदार धमाका हुआ, जिससे तीन क्वार्टरों के बीच की दो दीवारें गिर गईं और आसपास की दीवारों व लेंटर में दरारें आ गईं। धमाके के कारण तीनों क्वार्टरों में रहने वाले लोग आग और मलबे की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।
इस हादसे में कुल 11 लोग झुलस गए हैं, जिनमें 7 बच्चे, 2 पुरुष, एक महिला और एक युवती शामिल हैं। घायलों में रामशरण (43), रामज्ञान (43), रेणु (40), शांति (8), वैष्णवीं (10), सुहानी (5), पारो (2 माह), संगीता (18), नेहा (8), अंशु (7) और वियांशी (6)शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जगाधरी के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
थाना सदर जगाधरी के प्रभारी तरसेम सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा गैस लीकेज के कारण हुआ। मौके से दो एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Published on:
09 Apr 2026 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
