
Heatwave Alert News: दिल्ली, यूपी, एमपी, राजस्थान, बिहार… चारों तरफ भीषण गर्मी से हाहाकार। देश के अधिकांश राज्य इस वक्त प्रचंड गर्मी की चपेट में है। केरल में मानसून दस्तक दे चुका है, धीरे धीरे यह अन्य राज्यों में पहुंचेगा। कल दिल्ली में आंधी-बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया था, लेकिन आज फिर तापमान में कमी देखने को नहीं मिल रही है। यूपी-बिहार, राजस्थान और ओडिशा में 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली के मुंगेशपुरी का जब तापमान 52.9 डिग्री पहुंच गया तो IMD को भी विश्वास नहीं हुआ। आनन-फानन में जांच के आदेश दिए गए। लेकिन महाराष्ट्र के नागपुर में तापमान ने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले। गुरुवार (30 मई ) को यहां तापमान 56°C रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी की मानें तो नागपुर आग की भट्टी बन गई है।
दिल्ली के एक स्टेशन ने 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दिखाकर सबको चौंका दिया था, जो राष्ट्रीय राजधानी में अब तक का सबसे अधिक दर्ज किया गया तापमान है। यह घटना बुधवार को हुई, जब मुंगेशपुर इलाके में अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी (भारतीय मौसम विभाग) के अनुसार, दिल्ली में पिछले 79 सालों में पहली बार इतनी गर्मी पड़ी है और तापमान इतना अधिक पहुंचा है। इस असाधारण तापमान को देखते हुए, आईएमडी अब इस स्टेशन के सेंसर और डेटा की जांच कर रहा है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी इस डेटा को देखकर हैरान रह गए थे।
ओडिशा में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच राज्य के सुंदरगढ़ में बीते 24 घंटे के दौरान हीट स्ट्रोक से 12 लोगों की मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, लू लगने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोगों का राउरकेला सरकारी अस्पताल (RGH) में इलाज चल रहा है।
सुंदरगढ़ के एडीएम आशुतोष कुलकर्णी ने कहा, "गुरुवार रात को मरने वाले आठ लोगों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। उनकी मौत का सही कारण जल्द ही पता चल जाएगा। फिलहाल, हाई-टेक अस्पताल में दस और आरजीएच अस्पताल में 23 अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त कमरे तैयार रखे गए हैं।"
उन्होंने कहा कि आज भी गर्म हवाएं जारी रहने का अनुमान है। हम सभी से अपील कर रहे हैं कि वे घर के अंदर ही रहें। दिन के समय किसी भी काम के लिए बाहर न जाएं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी लोग दिन के समय के दौरान किसी भी काम में मजदूरों को शामिल न करने के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। किसी भी उल्लंघन के मामले में जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा। मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार, राउरकेला में गुरुवार को 44.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सुंदरगढ़ में पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच गया।
बिहार की राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप है। गर्मी की वजह से लोग बेहाल हैं। भीषण गर्मी की वजह से प्रदेश में कई लोगों की मौत भी हो गई है। बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार है। राजधानी पटना की अगर हम बात करें तो यहां पारा 43 डिग्री के आसपास है।
भीषण गर्मी के चलते रोजमर्रा के काम करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी को लेकर आईएएनएस ने लोगों से बात कर उनकी परेशानियों और समस्याओं के बारे में जाना। रिक्शा चालक विनोद कुमार ने बताया कि पहले वह हर रोज दो से तीन सौ रुपए तक कमाते थे, लेकिन गर्मी की वजह से लोग अब अपने घरों से बाहर बहुत कम निकल रहे हैं। इसलिए कमाई अब घटकर डेढ़ सौ से दो सौ रुपए हो गई है।
पूरा बिहार इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। गर्मी के चलते बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक बीमार पड़ रहे हैं। हालात को देखते हुए बिहार सरकार ने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। अत्यधिक गर्मी और कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के चलते आठ जून तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने का फैसला लिया गया है।
Updated on:
31 May 2024 04:46 pm
Published on:
31 May 2024 04:11 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
मौसम समाचार
