scriptअमित शाह को गृह और राजनाथ सिंह को फिर से रक्षा मंत्रालय, अधिकतर मंत्रियों के विभाग बरकरार, जानिए किसके हिस्से आया कौन सा विभाग | Home Ministry to Amit Shah and Defense Ministry to Rajnath Singh, departments of most of the ministers remain intact, know who got which department. | Patrika News
राष्ट्रीय

अमित शाह को गृह और राजनाथ सिंह को फिर से रक्षा मंत्रालय, अधिकतर मंत्रियों के विभाग बरकरार, जानिए किसके हिस्से आया कौन सा विभाग

Modi 3.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के मंत्रियों को विभागों (मंत्रालयों) का आवंटन कर दिया है।

नई दिल्लीJun 10, 2024 / 08:45 pm

Prashant Tiwari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के मंत्रियों को विभागों (मंत्रालयों) का आवंटन कर दिया है। अमित शाह को केंद्र सरकार में फिर से गृह एवं सहकारिता मंत्री बनाया गया है, वहीं राजनाथ सिंह को भी दोबारा से रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। नितिन गडकरी को भी उनके पुराने मंत्रालय में ही बरकरार रखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री बनाया गया है। एस. जयशंकर को भी फिर से विदेश मंत्री और निर्मला सीतारमण को वित्त और कॉर्पोरेट मंत्री बनाया गया है।
अधिकतर मंत्रियों के विभाग बरकरार
मनोहर लाल खट्टर को आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के साथ ही ऊर्जा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई है। एचडी. कुमारस्वामी को स्टील और भारी उद्योग, पीयूष गोयल को वाणिज्य और उद्योग, धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा, जीतन राम मांझी को सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम, राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह को पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी, सर्बानंद सोनोवाल को पत्तन, परिवहन और जलमार्ग, वीरेंद्र कुमार को सामाजिक न्याय और अधिकारिता, राममोहन नायडू को नागरिक उड्डयन, प्रल्हाद जोशी को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, जुएल ओराम को आदिवासी मामले, गिरिराज सिंह को कपड़ा, ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
इनको मिली नई जिम्मेदारी

सरकार के ज्यादातर मंत्रियों के पुराने विभागों को ही बरकरार रखा गया है। सरकार के अन्य मंत्रियों की बात करें तो भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण एवं रसायन एवं उर्वरक, शिवराज सिंह चौहान को कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। अश्विनी वैष्णव को रेलवे एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा भूपेंद्र यादव को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन, गजेंद्र सिंह शेखावत को संस्कृति और पर्यटन, अन्नपूर्णा देवी को महिला एवं बाल विकास, किरेन रिजिजू को संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामले, हरदीप सिंह पुरी को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, मनसुख मंडाविया को श्रम और रोजगार एवं युवा मामले और खेल, जी. किशन रेड्डी को कोयला और खान, चिराग पासवान को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और सीआर. पाटिल को जलशक्ति मंत्री बनाया गया है।
स्वतंत्र प्रभार में इन्हें मिली ये जिम्मेदारी

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को जो विभाग आवंटित किए गए हैं। उनके अनुसार राव इंद्रजीत सिंह को सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री, डॉ. जितेन्द्र सिंह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय में राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग में राज्य मंत्री तथा अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री, अर्जुन राम मेघवाल को कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री, जाधव प्रतापराव गणपतराव को आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री, जयंत चौधरी को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।
राज्य मंत्रालय में इन्हें मिली जिम्मेदारी

राज्य मंत्रियों के लिए जो विभाग बांटे गए हैं, उनमें जितिन प्रसाद को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री, श्रीपद येसो नाइक को ऊर्जा मंत्रालय में राज्यमंत्री तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में राज्य मंत्री, पंकज चौधरी को वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री, कृष्णपाल को सहकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा रामदास आठवले को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार सौंपा गया है।
रामनाथ ठाकुर को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री, नित्यानंद राय को गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री, अनुप्रिया पटेल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री, वी. सोमन्ना को जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री, डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी को ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा संचार मंत्रालय में राज्य मंत्री, प्रो. एसपी. सिंह बघेल को मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा पंचायती राज मंत्रालय में राज्य मंत्री, शोभा करंदलाजे को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में राज्य मंत्री, कीर्तिवर्धन सिंह को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्य मंत्री और विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री, बीएल. वर्मा को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्य मंत्री और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री, शांतनु ठाकुर को बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।
इसके अलावा सुरेश गोपी को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री और पर्यटन मंत्रालय में राज्य मंत्री, डॉ. एल. मुरुगन को सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री, अजय टम्टा को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री, बी. संजय कुमार को गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री, कमलेश पासवान को ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री, भागीरथ चौधरी को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री, सतीश चंद्र दुबे को कोयला मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा खान मंत्रालय में राज्य मंत्री, संजय सेठ को रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री, रवनीत सिंह बिट्टू को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री, दुर्गादास उइके को जनजातीय मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री, रक्षा निखिल खडसे को युवा मामले और खेल मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।
वहीं, सुकांत मजूमदार को शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री, सावित्री ठाकुर को महिला और बाल विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री, तोखन साहू को आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री, राज भूषण चौधरी को जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री, भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा को भारी उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री और इस्पात मंत्रालय में राज्य मंत्री, हर्ष मल्होत्रा को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री, निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्य मंत्री, मुरलीधर मोहोल को सहकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्रालय में राज्य मंत्री, जॉर्ज कुरियन को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री एवं पबित्रा मार्गेरिटा को विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री और वस्त्र मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।

Hindi News/ National News / अमित शाह को गृह और राजनाथ सिंह को फिर से रक्षा मंत्रालय, अधिकतर मंत्रियों के विभाग बरकरार, जानिए किसके हिस्से आया कौन सा विभाग

ट्रेंडिंग वीडियो