
पत्नी ने बेटी के साथ मिलकर की पति की हत्या (Photo-Patrika)
Assam Murder: असम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पत्नी ने 9वीं में पढ़ने वाली अपनी बेटी के साथ कारोबारी पति का मर्डर कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पत्नी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि बेटी को निरुद्ध किया गया है। दरअसल, असम के लाहोन गांव में कारोबारी उत्तम गोगोई का शव मिला। पुलिस ने मामले में बताया कि कारोबारी की हत्या पत्नी और बेटी द्वारा रची गई लंबी साजिश का नतीजा है। इस वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों ने दो लोग भाड़े पर लिए थे और उन्हें हत्या की सुपारी दी थी।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेड्डी ने बताया कि गोगोई की बेटी ने अपराध कबूल कर लिया है। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक नाबालिग लड़की का दोस्त है। उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति की हत्या की एक लंबी योजना थी। उन्होंने पहले भी इसे अंजाम देने की कोशिश की थी, लेकिन नाकाम रहे। जुलाई में वे आखिरकार कामयाब हो गए। हम अभी भी असली मकसद की जाँच कर रहे हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि पत्नी और बेटी ने हत्या के लिए उन्हें कई लाख रुपये और सोने के गहने दिए थे।
बता दें कि मामला 25 जुलाई की सुबह तब सामने आया जब परिवार ने दूसरों को बताया कि गोगोई की हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि घटनास्थल पर उनके कान का एक टुकड़ा कटा हुआ और शव के पास एक खुला छाता मिला था। इसके बाद हत्या को लेकर संदेह पैदा हो गया था।
मृतक के भाई ने कहा कि मैं सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनके घर पहुंचा और उत्तम को मृत पाया। उसके कान पर कट के निशान थे और छाता खुला था। शुरुआत में हमें लगा कि यह डकैती का मामला है। उन्होंने आगे कहा कि अगर मेरे भाई की मौत हार्ट अटैक से हुई थी, तो ऐसे घाव कैसे हो सकते हैं? यह एक सुनियोजित हत्या थी। हम हत्यारों को कड़ी सज़ा दिलाना चाहते हैं।
मामले में पुलिस ने कहा है कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा षडयंत्र के पूरे दायरे और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Updated on:
3 Aug 2025, 8:51 PM IST
Published on:
3 Aug 2025, 8:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.