
अनंतनाग में लाल चौक पर आतंकियों ने की फायरिंग। (फाइल फोटो - IANS)
Terrorists Attack on Police: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने पुलिस टीम पर हमला किया है। आतंकियों की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। आतंकियों द्वारा यह हमला दोपहर करीब 12.30 बजे कस्बे के लाल चौक पर हुआ।
एक रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि गोलीबारी में एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। उसे तत्काल अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल की मौत हो गई है। संदिग्ध आतंकी के हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी। हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आतंकी हमले में जान गंवाने वाले पुलिस कांस्टेबल की पहचान बडगाम जिले के बीरवाह निवासी के तौर पर हुई है। घायल हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद उसकी मौत हुई है।
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। टीआरएफ को पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी संगठन माना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 2019 में हुई थी। भारत सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद इस संगठन का नाम सामने आया। केंद्र सरकार ने 5 जनवरी 2023 को टीआरएफ को आधिकारिक तौर पर आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
अनंतनाग में पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है। हमलावरों की तलाश के लिए बड़ा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। तलाशी अभियान जारी रहने के कारण इलाके की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
खास बात यह है कि आतंकी हमला ऐसे समय में हुआ है, अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस आतंकी हमले के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसिया चौकन्नी हो गई है और जम्मू-कश्मीर में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
Updated on:
22 Jul 2026 01:55 pm
Published on:
22 Jul 2026 01:36 pm
