
DK Shivakumar birthday : क्या शिवकुमार को बर्थडे पर कांग्रेस देगी CM पद का रिटर्न गिफ्ट?
कर्नाटक सीएम का चुनाव एक-दो दिन में हो जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पास कर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को यह अधिकार दिया गया है कि, वो कर्नाटक का नया सीएम चुनें। कर्नाटक में सीएम पद के दोनों प्रमुख दावेदार डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया आज सोमवार को दिल्ली में रहेंगे। यहां दोनों दावेदारो के सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने की उम्मीद है। कर्नाटक सीएम के प्रबल उम्मीदवार डीके शिवकुमार का आज 61वां जन्मदिन है। समर्थकों ने उनके घर के बाहर जन्मदिन की बधाई वाले पोस्टर लगाए हैं। अब यह चर्चा है कि, कांग्रेस क्या डीके शिवकुमार बर्थडे गिफ्ट देगी? बताया जा रहा है डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया के साथ परदे के पीछे दो और नाम है एचके पाटिल और जी परमेश्वर है, जिन पर कांग्रेस आलाकमान सोच सकती है।
शिवकुमार को मिलेगा बर्थडे गिफ्ट या नहीं
बर्थडे बॉय डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं। कर्नाटक की सियासत में लिंगायत के बाद वोक्कालिगा को दूसरा किंगमेकर समुदाय बताया जाता है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला से जब यह पूछा गया कि, 15 मई को डीके शिवकुमार का जन्मदिन है, क्या कोई गिफ्ट देने की तैयारी है?
सुरजेवाला का गोलमोल जवाब
इस सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहाकि, एआईसीसी महासचिव के रूप में मैं उस मामले में नहीं हूं। मैं एक सामान्य कांग्रेस कार्यकर्ता हूं, जो अपने सभी विधायकों के साथ खड़ा है। हम साथ बैठे और कर्नाटक के भविष्य को लेकर योजना बनाए जो ज्यादा जरूरी है।
बस अब कांग्रेस नेतृत्व को देनी है अपनी रिपोर्ट - रणदीप सिंह सुरजेवाला
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहाकि, कांग्रेस विधायक दल की बैठक की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी है। प्रेक्षकों ने सभी विधायकों से अलग से मुलाकात कर अपने विचार दर्ज किए हैं। अब वे कांग्रेस नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट देंगे और उसके बाद हम कांग्रेस विधायक दल के अगले नेता की घोषणा करेंगे।
AICC के पर्यवेक्षक आज कर्नाटक से दिल्ली लौटेंगे
कर्नाटक के लिए नया सीएम चुनने में मदद करने के लिए कांग्रेस ने तीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए। जिनमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, जितेंद्र सिंह (एआईसीसी जीएस) और दीपक बाबरिया (पूर्व एआईसीसी जीएस) शामिल है। सूचना है कि, आज AICC के पर्यवेक्षक कर्नाटक से दिल्ली लौट आएंगे।
रिपोर्ट तैयार कांग्रेस अध्यक्ष देंगे - पर्यवेक्षक भवर जितेंद्र सिंह
सभी विधायकों से राय ली गई है। हम अब दिल्ली जा रहे हैं, हम रिपोर्ट बनाकर कांग्रेस के अध्यक्ष को पेश करेंगे। विधायक दल का नेता कौन होगा यह अध्यक्ष तय करेंगे।
18 मई को होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह
बताया जा रहा है कि, डी के शिवकुमार और सिद्दरमैया में से ही किसी एक का सीएम बनने की संभावना है। शिवकुमार और सिद्दरमैया दोनों का दावा मजबूत है। दोनों ही गांधी परिवार के बेहद करीब हैं। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 18 मई यानी गुरुवार को होने की उम्मीद है।
कांग्रेस को दोबारा जमीन दिलाने में अहम रोल
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार का 15 मई 1962 को हुआ था। आज वे 61 साल के हो गए हैं। शिवकुमार कर्नाटक की कनकपुरा सीट से लगातार 8वीं बार विधायक चुने गए हैं। कर्नाटक में कांग्रेस को दोबारा जमीन दिलाने में डीके शिवकुमार श्रेय जाता है। शिवकुमार कांग्रेस पार्टी में सबसे ज्यादा वफादार हैं। दक्षिणी कर्नाटक में पार्टी का बड़ा चेहरा हैं।
राज्य के सबसे धनी नेता हैं शिव कुमार
पूर्व में शिवकुमार ऊर्जा मंत्री के पद पर रह चुके हैं। कांग्रेस के धनी नेताओं में उनकी गिनती होती है। बताया जाता है कि, शिवकुमार के पास करीब 840 करोड़ रुपए की संपत्ति हैं। तो दूसरे राज्यों के होने वाले चुनाव में शिवकुमार पार्टी की आर्थिक मदद भी करते हैं।
डीके शिवकुमार की सबसे बड़ी दिक्कत
डीके शिवकुमार के साथ जो सबसे बड़ी दिक्कत है, वो मौजूदा वक्त सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। उन्हें 104 दिन जेल में भी बिताने पड़े थे। फिलहाल, जमानत पर बाहर हैं। और शिवकुमार और चुने गए नए सीबीआई डायरेक्टर प्रवीण के बीच 36 का आंकड़ा है।
135 सीट पर कांग्रेस का परचम लहराया
कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटें में से 135 सीट पर कांग्रेस, 66 सीट पर भाजपा, 19 सीट पर जनता दल (सेक्युलर), दो सीटों पर निर्दलीय और एक-एक सीट पर कल्याण राज्य प्रगति पक्ष और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष को जीत हासिल हुई है।
Updated on:
15 May 2023 09:55 am
Published on:
15 May 2023 08:44 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
