
Karnataka Chief Minister Siddaramaiah (Photo/ANI)
Karnataka Political Update: कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 26 मई को दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे। इस बैठक को लेकर राज्य की सियासत में हलचल बढ़ गई है और मुख्यमंत्री बदलने को लेकर नए कयास लगाए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व ने सिद्धारमैया को दिल्ली बुलाया है। माना जा रहा है कि वह इस दौरान राहुल गांधी समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस सरकार के गठन के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच अंदरूनी खींचतान की चर्चा होती रही है। पिछले करीब 18 महीनों से शिवकुमार समर्थक लगातार दावा करते रहे हैं कि जल्द ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
हालांकि अब तक नेतृत्व परिवर्तन नहीं हुआ है, लेकिन सिद्धारमैया के दिल्ली दौरे ने एक बार फिर राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव और विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हो सकती है। कांग्रेस नेतृत्व राज्य में संगठनात्मक स्थिति और राजनीतिक रणनीति पर फीडबैक ले सकता है।
पार्टी के भीतर कुछ नेताओं का मानना है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर लंबे समय से बनी अनिश्चितता का असर पार्टी की छवि पर पड़ रहा है। ऐसे में हाईकमान जल्द कोई स्पष्ट संदेश दे सकता है।
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद सत्ता संतुलन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली में होने वाली यह बैठक आने वाले दिनों की रणनीति तय करने में अहम साबित हो सकती है।
हालांकि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अभी तक किसी नेतृत्व परिवर्तन को लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन सिद्धारमैया के दिल्ली दौरे पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
Updated on:
25 May 2026 04:58 am
Published on:
25 May 2026 04:58 am
