
पीएम नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी (ANI Photo)
Rahul Gandhi Secret Meeting: राहूल गांधी (Rahul Gandhi) के एक कथित बयान से देश की राजनीति गरमा गई है। एक बैठक में राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में बढ़ते आर्थिक असंतोष और NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों के कारण मोदी सरकार अगले एक साल के भीतर गिर जाएगी। उनके इस बयान पर भाजपा ने देशव्यापी मोर्चा खोल दिया है। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में अराजकता और दंगे भड़काकर तख्तापलट करने की बड़ी साजिश रच रहे हैं। वहीं राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक और पीएम मोदी के इटली दौरे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने 'X' पर देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों का वीडियो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे घेरा था। उन्होंने देश के युवाओं और NEET पेपर लीक का मुद्दा उठाकर सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 'जब मोदी जी इटली में टॉफियां बांटते हुए रील्स बना रहे थे, तब भारत में पेपर लीक से परेशान युवा सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग कर रहे थे।
NEET पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। कई बच्चों ने तो अपनी जान भी गंवा दी है। और मोदी जी ने न तो इसकी जिम्मेदारी ली, न ही धर्मेंद्र प्रधान को हटाया राहुल ने आगे लिखा कि 'जब लाखों युवा सड़कों पर हों, 22 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर हो, और प्रधानमंत्री चुप रहें तो इसका मतलब है कि सरकार का ध्यान जवाब देने पर नहीं, बल्कि जवाब से बचने पर है।'
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट लिखकर राहुल गांधी के इरादों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए। पीयूष गोयल ने बयान में लिखा कि 'राहुल गांधी का बयान कांग्रेस और सभी विपक्षी दलों के साथ-साथ भारत को अस्थिर करने का सपना देखने वाले 'टूलकिट गैंग' द्वारा देश के खिलाफ रची जा रही एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। यह कोई साधारण बयान नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाने की एक गंभीर साजिश है।'
उन्होंने कांग्रेस पर भारत से नफरत करने का आरोप लगाते हुए आगे कहा कि 'देश को बदनाम करना, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना और विदेश जाकर विदेशी ताकतों से भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की अपील करना क्या इससे कांग्रेस के असली इरादे जाहिर नहीं होते'
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने तो राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। पात्रा ने एक संदेश जारी कर सीधे तौर पर राहुल गांधी को देश में दंगे कराने की साजिश से जोड़ दिया। संबित पात्रा ने कहा कि 'लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाया है। कल एक बैठक में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी।
राहुल गांधी दंगे भड़काकर और अराजकता के जरिए मोदी सरकार को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।' पात्रा ने कहा कि 'भारत में संविधान सर्वोपरि है और लोकतंत्र की जीत होती है। यह भारत के 140 करोड़ लोगों की सरकार है। सोरोस समेत आपके विदेशी आका इस देश को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकते।'
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने भी राहुल गांधी पर मर्यादा लांघते हुए हमला बोला और सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस नेता फिर से अपना आपा खो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि 'आखिर विदेशी दौरों से लौटने के बाद राहुल गांधी किस चीज के नशे में रहते हैं?'
Updated on:
24 May 2026 06:32 pm
Published on:
24 May 2026 06:31 pm
