आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट हिंदी भाषा में जानने के लिए लॉग-इन करें पत्रिका.कॉम। अपनी मातृभाषा हिंदी में खबरों की अपडेट्स के लिए बने रहें Patrika.Com के साथ
29 July 2023 7:05 PM
वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से मिले पीएम मोदी, कहा- उनसे मिलकर मिलती है नई ऊर्जा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट किया। पीएम मोदी ने बताया कि मुरली मनोहर जोशी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिला। मेरे जैसे हर कार्यकर्ता को उनसे मिलने के बाद हमेशा एक नई ऊर्जा मिलती है।
29 July 2023 7:05 PM
गया में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों में विवाद, पत्थरबाजी में पुलिस अधिकारी घायल
बिहार के गया जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के बलिया गांव में मुहर्रम के अवसर पर अखाड़ा जुलूस के निर्धारित रास्ता से गुजरने के समय ढोल बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इस घटना में पुलिस अवर निरीक्षक फूलन सिंह के सिर पर चोट लगी है। दो पक्षों के बीच पथराव की घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पदाधिकारी पहुंच गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
29 July 2023 4:45PM
लगातार बारिश से तेलंगाना में मचा त्राहिमाम, 8 लोग बहे, कई इलाकों में अलर्ट
लगातार भारी बारिश की वजह से दक्षिण भारत के राज्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मॉनसून से होने वाली बारिश की वजह से तेलंगाना में दर्जनों नदियां उफान पर हैं। इसी बीच नदी में बहने से आठ लोगों की जान जाने की खबर आ रही है। जिसमें छह शव बरामद कर लिए गए हैं लेकिन दो शवों का पता नहीं चल पाया है। मौसम भवन द्वारा जारी किये गए अनुमान के मुताबिक फ़िलहाल बारिश रुकने के कोई आसार नहीं हैं। राज्य में कई जगहों पर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। यहां सबसे विकट स्थिति कोठागुडेम, मुलुगु, वारंगल, खम्मम, भूपालपल्ली और हैदराबाद जिलों की है।
July29 2023 1:25PM
विपक्षी सांसदों की टीम मणिपुर पहुंची, पीड़ितों से जानेंगे हालचाल
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के 21 सांसदों की टीम मणिपुर पहुंच गई है। सभी सांसद 30 जुलाई तक मणिपुर में रहेंगे। ये सांसद जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे। पीड़ितों से मिलकर उनका हालचाल लेंगे। राज्य में तीन महीनों से जारी हिंसा और यहां के लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार और पार्लियामेंट में अपनी राय देंगे।
29 July 2023, 12:03 AM
PM SHRI योजना की पहली किस्त जारी, प्रधानमंत्री बोले- शिक्षा ही देश का भविष्य बदलती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली से प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (PM SHRI) योजना के तहत स्कूलों के लिए धनराशि की पहली किस्त जारी की। धनराशि जारी करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि शिक्षा ही है जो देश का भाग्य बदलने की ताकत रखती है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश जिस लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है उसमें शिक्षा की अहम भूमिका है...आप इसके प्रतिनिधि हैं...अखिल भारतीय शिक्षा समागम का हिस्सा बनना मेरे लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। पीएम श्री योजना के तहत जारी राशि का इस्तेमाल स्कूलों के विकास में किया जाएगा।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि काशी के रुद्राक्ष से लेकर आधुनिक भारत के इस मंडप तक अखिल भारतीय शिक्षा समागम की यात्रा अपने आप में एक संदेश समेटे हुए है। यह प्राचीनता और आधुनिकता का संगम है। हमारी शिक्षा प्रणाली भारत की परंपराओं को संरक्षित कर रही है, वहीं देश आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भी आगे बढ़ रहा है।
मालूम हो कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के 3 साल पूरे होने के अवसर पर आज अखिल भारतीय शिक्षा सम्मेलन का उद्घाटन किया गया। यह कार्यक्रम प्रगति मैदान के भारत मंडपम में हो रहा है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ पहुंचे हैं।
29 July 2023, 10:26 AM
विपक्षी सांसदों के मणिपुर दौरे पर अनुराग ठाकुर का तीखा तंज, कहा- यह दिखावा
विपक्षी गठंधन इंडिया के सांसदों के मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तीखा तंज किया है। अनुराग ठाकुर में कोलकाता में एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि मणिपुर गए INDIA गठबंधन के सांसदों का यह दिखावा मात्र है...जब वे मणिपुर से वापस आएंगे, तो मैं कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी से उन्हें पश्चिम बंगाल लाने का अनुरोध करूंगा।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि मैं अधीर रंजन चौधरी से पूछना चाहता हूं कि क्या वे राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार से सहमत हैं...राजस्थान में जहां महिलाओं के खिलाफ हत्याएं और अपराध होते हैं, विपक्ष वहां नहीं गया। क्या INDIA गठबंधन राजस्थान भी जाएगा?
29 July 2023, 09:08 AM
मणिपुर के लिए रवाना हुआ विपक्षी सांसदों का दल
मणिपुर में जारी जातीय हिंसा को अब 3 महीने पूरे होने वाले हैं। इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है और सरकार से मणिपुर को लेकर जवाब मांग रहा है। इसी क्रम में ‘इंडियन नेशनल डेवपलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (INDIA) के 20 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर जा रहा है।
अब से थोड़ी देर पहले विपक्षी सांसदों का यह दल दिल्ली से मणिपुर के रवाना हुआ। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि प्रधानमंत्री शायद मणिपुर को भूल गए हैं लेकिन हम नहीं भूले हैं इसलिए हम पीड़ितों के बीच जा रहे हैं।
29 July 2023, 09:00 AM
अंडमान-निकोबार में भूंकप के झटके
अंडमान-निकोबार आईलैंड में रात 12 बजकर 53 मिनट पर 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। ये झटके पोर्ट ब्लेयर के दक्षिण-पूर्व में 126 किमी की दूरी पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 69 किमी की गहराई में था।