6 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

catch_icon

प्लस

epaper_icon

ई-पेपर

profile_icon

प्रोफाइल

Lok Sabha Elections 2024: देश पर आपातकाल थोपने वाले आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे, CM धामी का कांग्रेस पर निशाना

Uttrakhand CM: दूसरे चरण के वोटिंग से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

2 min read
Google source verification

दूसरे चरण के वोटिंग से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राजकुमार लोकतंत्र की दुहाई देते हैं, लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं, उनको याद करना चाहिए कि देश के अंदर आपातकाल थोपने का काम, लोकतंत्र को समाप्त करने का काम, लोगों पर अत्याचार, अनाचार, दुराचार सब प्रकार से अन्याय करने का काम, उनकी दादी ने किया था। जब देश में आपातकाल थोपा था। आज उनको लोकतंत्र की याद आ रही है।

भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लोकतंत्र की दुहाई देती है कांग्रेस

कांग्रेस के घोषणापत्र में दलबदल पर सख्त कानून बनाने के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि इतनी सरकारें गिरा दी। कांग्रेस की सरकारों में रिकॉर्ड है, सरकारों को गिराने का, सरकारों को बर्खास्त करने का, आज जब सब काम कानून के अनुसार हो रहा है, विधि के अनुरूप हो रहा, तो तमाम प्रकार की बातें करते हैं। कभी एजेंसियों पर निशाना साधते हैं, कभी भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लोकतंत्र की दुहाई देते हैं। देश की जनता भली-भांति समझ रही है कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए काम कर रहे हैं और यह लोग पीएम मोदी को रोकना चाहते हैं।

नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे

उन्होंने आगे कहा कि देशद्रोही शक्तियों के साथ इनका हाथ मिला हुआ है। यह कहीं न कहीं आज ऐसी शक्तियां जो इनको स्पॉन्सरशिप कर रही हैं, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से तमाम तरीके से लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर कहीं यह लोग नहीं हैं। कहीं कोई मुकाबला भी नहीं है और बहुत ऐतिहासिक वोटों से नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं।

यह गठबंधन परिवारों को बचाने का

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के एनडीए को टक्कर देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन केवल और केवल अपने परिवारों को बचाने का गठबंधन है, भ्रष्टाचार को छुपाने का गठबंधन है, भ्रष्टाचारियों को बचाने का गठबंधन है, अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने का गठबंधन है। यह सरकार बनाने का गठबंधन नहीं है। यह तुष्टीकरण और वोटबैंक की राजनीति से अपने अस्तित्व को बचाने का बेमेल गठबंधन है। यह भानुमति का कुनबा है। कहीं का ईट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा। जैसी कहावत है, उसी प्रकार का गठबंधन है और यह गठबंधन पीएम मोदी के साथ जो जनता का गठबंधन है, उसके सामने कहीं नहीं टिकता है।

ये भी पढ़ें: ED की कार्रवाई और अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हेमंत सोरेन, हाईकोर्ट पर लगाएं गंभीर आरोप