
TRP Mall Fire Broke Out: गुजरात के राजकोट जिले के कालावड में शनिवार की शाम भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार सयाजी होटल के पीछे बने टीआरपी मॉल के गेमिंग जोन में आग लगी है। अब तक हादसे में कुल 24 लोगों की जान जा चुकी है। गेमिंग जोन में जिस समय यह घटना हुई उस वक्त बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। वीकेंड पर कई परिवार अपने बच्चों के साथ मॉल के गेम जोन में पहुंचे थे। सूचना पाकर दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। वहीं, पुलिस ने गेमिंग जोन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
गेमिंग जोन में अचानक आग लगी और फिर अफरा-तफरी मच गई। पांच किलोमीटर की दूरी तक धुएं का गुबार देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार आग और धुएं के बीच अभी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन की मानें तो इस हादसे में मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
मृतकों के शव बुरी तरह झुलस चुकी है, शवों की शिनाख्त कर पाना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गई है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय गेमिंग जोन में कितने लोग मौजूद थे। इस हादसे के बाद राजकोट के सारे गेमिंग जोन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
राजकोट पुलिस कमिश्नर राजू भार्गव ने कहा, "दोपहर में TRP गेमिंग ज़ोन में आग लग गई। बचाव कार्य जारी है। आग नियंत्रण में है। हम अधिक से अधिक शव निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अब तक, लगभग 24 शव बरामद किए गए हैं और उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। गेमिंग जोन का स्वामित्व युवराज सिंह सोलंकी नामक व्यक्ति के पास है। हम लापरवाही के लिए मामला दर्ज करेंगे, आगे की जांच तब होगी जब हम यहां बचाव अभियान पूरा कर लेंगे।"
इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, "राजकोट, गुजरात में एक मॉल के गेमिंग ज़ोन में लगी भयंकर आग से मासूम बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वो राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव सहायता करें और गुजरात सरकार एवं प्रशासन से अपेक्षा है कि वो इस घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कर सभी शोकसंतप्त परिवारों को शीघ्र न्याय दिलवाएं।"
Updated on:
25 May 2024 10:52 pm
Published on:
25 May 2024 08:53 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
