
भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट (ANI)
IMD Rain Alert: देश के बड़े हिस्से में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून (Monsoon) ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सैटेलाइट तस्वीरों में करीब 1500 किलोमीटर लंबा रेन बैंड (Rain Band) एक्टिव दिखाई दिया है। इसके प्रभाव से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह रेन बैंड पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर फैला हुआ है और धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके कारण कई क्षेत्रों में बादल दोबारा सक्रिय हो गए हैं। जिन इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश की कमी महसूस की जा रही थी, वहां अब एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान के कुछ हिस्सों, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी तट के राज्यों में भी मानसून सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की यह सक्रियता किसानों के लिए राहत लेकर आएगी। पर्याप्त बारिश होने से धान, मक्का, सोयाबीन और अन्य खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आएगी। जिन क्षेत्रों में अब तक बारिश सामान्य से कम हुई थी, वहां खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से कृषि कार्यों को गति मिलेगी।
उत्तराखंड में लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिले के लिए अगले चार दिनों का भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और यात्रियों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
शिमला, हिमाचल प्रदेश में शहर के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी खबरें सामने आईं है।
महाराष्ट्र के मुंबई में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। सड़कें पानी में डूबने से यातायात प्रभावित हुआ है और कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए IMD ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
आज सुबह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 3 जुलाई तक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से नीलगिरी और थेनी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहां स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार और तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भरने, ट्रैफिक जाम, निचले इलाकों में पानी भरने और भूस्खलन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Updated on:
01 Jul 2026 10:17 am
Published on:
01 Jul 2026 10:15 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
