21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीट परीक्षा खत्म, अब तक 19 छात्रों की गई जान, आज तमिलनाडु में स्टूडेंट की आत्महत्या पर कांग्रेस ने फिर सरकार को घेरा

कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाब मांगते हुए पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Jun 21, 2026

NEET Student Suicide, NEET Exam 2026, NEET Aspirant Suicide, Tamil Nadu Student Suicide, Hyderabad Student Suicide,

कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान छात्रों से बातचीत करते लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। (फोटो: IANS)

NEET Student Suicide: नीट परीक्षा को लेकर छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव के बीच आत्महत्या के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। तमिलनाडु के कृष्णागिरि में रविवार को होने वाली नीट परीक्षा से पहले 20 वर्षीय छात्र वेत्रियानंदम ने आत्महत्या कर ली। वहीं, हैदराबाद में भी नीट की तैयारी कर रही एक 19 वर्षीय छात्रा के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इन घटनाओं के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा है।

कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, NEET पेपर लीक और मोदी सरकार का करप्ट सिस्टम अब तक 19 बच्चों की जान ले चुका है, लेकिन जिम्मेदारों के माथे पर शिकन तक नहीं है।

तमिलनाडु के छात्र ने छोड़ा भावुक सुसाइड नोट

पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र सी. वेत्रियानंदम पिछले तीन वर्षों से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह पहले भी कई बार परीक्षा में असफल हो चुका था और इस बार भी फेल होने के डर से तनाव में था। शनिवार को जब उसके पिता काम पर गए हुए थे और मां घर से बाहर थीं, तब उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें उसने लिखा कि NEET के डर से उसे पिछले एक महीने से नींद नहीं आ रही थी और इस बार भी असफल होने के डर से वह यह कदम उठा रहा है। उसने अपने माता-पिता और बड़े भाई से माफी मांगते हुए लिखा, "अम्मा, अप्पा, अन्ना… मुझे माफ कर दीजिए।" नोट में उसने अपने परिवार के प्रति प्यार भी जताया और कहा कि वह ऐसे परिवार को पाकर खुद को भाग्यशाली मानता है।

हैदराबाद में छात्रा ने भी की आत्महत्या

वहीं, तेलंगाना के हैदराबाद के मियापुर इलाके में NEET की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा शेख सना भी अपने घर में मृत पाई गई। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी बहनों के साथ एक अपार्टमेंट में रहती थी और रविवार को होने वाली परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को एक नोट मिला, जिसमें छात्रा ने लिखा था कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि नीट री-टेस्ट को लेकर बने दबाव की वजह से उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

इन घटनाओं के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक और री-नीट विवाद ने छात्रों पर अतिरिक्त मानसिक दबाव डाला है। कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाब मांगते हुए पूछा है कि पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई कब होगी और छात्रों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।