
देश के अधिकांश हिस्सों में इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी राज्यों में तापमान जहां शून्य के नीचे दर्ज किया जा रहा है वहीं समूचा उत्तर भारत घने कोहरे के प्रकोप में है। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया कि कई हिस्सों में 8 जनवरी से मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है। ताजे अलर्ट में कहा गया कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में 8 से 10 जनवरी के बीच बारिश का नया दौर आएगा और इस दौरान कुछ राज्यों में ओले भी गिरेंगे। इस वजह से आने वाले दिनों में तापमान और गिरने के आसार हैं। बात पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान की करें तो यहां अगले दो दिनों तक कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति रहने की उम्मीद है। वहीं, नोर्थवेस्ट भारत के लोगों को अगले दो दिन घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिलेगा। फिर धीरे-धीरे इसमें कमी आ सकती है। वहीं, भारत के दक्षिणी राज्य की बात करें तो तमिलनाडु में 11 जनवरी तक और केरल में 9 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में कई जिलों में बारिश का अनुमान
आईएमडी ने अपने अपडेट में 6 जनवरी को बताया था कि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्से में 8 और 9 जनवरी को ओलावृष्टि हो सकती है। बता दें कि यहां वर्षा और कोहरे के बीच कई दिनों से कड़ाके की ठंड जारी है। अपडेट में बताया गया कि राजधानी भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभाग में आने वाले जिले में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं अगले 24 घंटे जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिले में अनेक स्थानों पर और नर्मदापुरम व रीवा संभागों के जिलों में वर्षा हो सकती है।
राजस्थान और तेलंगाना में बारिश के अलर्ट
राजस्थान में भी इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सवेरे यहां के कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रहता है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने यहां बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। यहां 7 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके चलते बारिश की संभावना बन रही है। कुछ दिन पहले झालावाड़ जिले के आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बूंदाबांदी देखी गई।
भारत के दक्षिणी राज्य तेलंगाना में भी अलग-अलग स्थानों पर 8 और 9 जनवरी को हल्की से मध्यम वर्षा के अनुमान लगाये गए हैं। यहां के आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, निर्मल, रंगारेड्डी, हैदराबाद, मेडचल मल्काजगिरी, विकाराबाद, संगारेड्डी और मेडक जिलों में अलग-अलग जगहों पर अगले कुछ दिन कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इसी बीच अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान और 10-13 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
यहां ऑरेंज अलर्ट जारी
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने तमिलनाडु के चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम और कुड्डालोर में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक आमतौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है और कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
सोमवार और मंगलवार को तमिलनाडु के चेन्नई, रानीपेट, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, मयिलादुथुराई, थेनी, तिरुवन्नामलाई, तेनकासी, अरियालुर, कल्लाकुरिची और कन्याकुमारी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। आरएमसी ने बुधवार को रामनाथपुरम, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और तिरुवल्लूर जिलों और मंगलवार को कन्याकुमारी में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है।
Updated on:
09 Jan 2024 01:48 pm
Published on:
08 Jan 2024 04:15 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
