
Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राज्यसभा व लोकसभा में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध बरकरार है। इसके चलते दोनों सदनों में मंगलवार को भी हंगामा हुआ और कार्यवाही बाधित रही। इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) ने विपक्ष की ओर से संसद में किए गए प्रदर्शन के दौरान मुखौटे लगाने को अशोभनीय करार दिया। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुझे अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि प्रतिपक्ष के नेताओं का आचरण संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। बिरला ने कहा कि चाहे सत्ता पक्ष हो या प्रतिपक्ष हो सभी दल के लोग संसद की गरिमा, परंपरा और मर्यादा को बनाए रखें।
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर बिरला ने कहा कि संसद एक पवित्र स्थल है। इस भवन की उच्च गरिमा और मर्यादा है। संसद परिसर में जिस प्रकार के प्रदर्शन, नारेबाजी, पोस्टर्स, मुखौटों का उपयोग हो रहा है, वह अशोभनीय है। उन्होंने अफसोस जताया कि प्रतिपक्ष के कई बड़े नेताओं का व्यवहार भी संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। सभी दलों के सदस्य संसद की गरिमा, मर्यादा व परंपरा को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण है, इसे चलने दें। इसके बाद भी सांसदों का हंगामा जारी रहा, जिसके चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
उधर, राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने मंगलवार को सोरोस संबंधी आरोपों का जिक्र किया तो विपक्ष के उपनेता ने आरोपों को गलत बताते हुए अदाणी मामले पर चर्चा की मांग की। दोनों ओर से हंगामा होने पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
बिरला ने बिना नाम लिए कहा कि कुछ प्रतिपक्ष के नेताओं का आचरण भी सही नहीं है। गौरतलब है कि राहुल गांधी अडानी मुद्दे को लेकर लगातार पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार को घेर रहे हैं। वहीं, सत्ता पक्ष ने जॉर्ज सोरोस के मुद्दे पर सोनिया गांधी पर निशाना साध रखा है। ऐसे में नाराज बिरला ने आज सत्ता पक्ष और विपक्ष से सदन चलाने का आग्रह किया।
Updated on:
11 Dec 2024, 10:38 AM IST
Published on:
11 Dec 2024, 10:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.