
फ्लाइट में बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया यात्री (प्रतीकात्मक तस्वीर)
भारत में हवाई यात्रा के दौरान सख्त सुरक्षा नियम लागू होते हैं और विमान के अंदर धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कभी कभी यात्री नियमों की अनदेखी करते हुए ऐसी हरकत कर बैठते हैं जिससे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। ऐसा ही एक मामला एक बार फिर सामने आया है जहां दिल्ली से गोवा जा रही एक फ्लाइट में एक यात्री को विमान के टॉयलेट के अंदर बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसके खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर लिया गया।
दिल्ली से गोवा जा रही अकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट QP1625 में यह घटना शनिवार को हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी यात्री की पहचान दिल्ली निवासी आशीष के रूप में हुई है, जो राष्ट्रीय राजधानी से गोवा की यात्रा कर रहा था। एयरलाइन की शिकायत के मुताबिक यात्री विमान के लैवेटरी यानी टॉयलेट के अंदर जाकर बीड़ी पी रहा था। जांच के दौरान उसके पास से एक लाइटर भी बरामद किया गया। बता दें कि विमान में किसी भी प्रकार की आग या धूम्रपान से जुड़ी वस्तु सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जाती है। अधिकारियों के अनुसार इस तरह की गतिविधि विमान में मौजूद अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।
घटना के बाद गोवा के मोपा एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) और नागरिक उड्डयन की सुरक्षा के खिलाफ गैरकानूनी कृत्यों के दमन एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार विमान के अंदर धूम्रपान करना सख्त नियमों का उल्लंघन है और इसे विमान सुरक्षा के लिए जोखिम भरा माना जाता है। फिलहाल पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि विमान के बंद वातावरण में धूम्रपान से आग लगने या धुएं के फैलने जैसी स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे आपातकालीन हालात बन सकते हैं।
घटना के बाद अकासा एयर (Akasa Air) ने भी इस मामले की पुष्टि की है। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि 7 मार्च को दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट में एक यात्री को विमान के टॉयलेट में धूम्रपान करते हुए पाया गया। एयरलाइन के अनुसार क्रू मेंबर्स ने तय सुरक्षा और नियामक प्रक्रियाओं का पालन किया। फ्लाइट के गोवा पहुंचने के बाद संबंधित यात्री को स्थानीय अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। कंपनी ने यह भी कहा कि वह इस मामले में जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।
Published on:
09 Mar 2026 09:34 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
