राष्ट्रीय

2016 के बाद का सबसे बड़ा ट्रेन हादसा: राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख, रेल मंत्री से की बात

Coromandel Express Train Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने इस हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बात की है। हादसे पर राष्ट्रपति सहित कई अन्य नेताओं ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

2 min read
ओडिशा ट्रेन हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख

Odisha Train Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने इस हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बात की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ओडिशा में ट्रेन हादसे की घटना से व्यथित हूं, दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।


2016 के बाद का सबसे बड़ा ट्रेन हादसा

साल 2016-17 के बाद इतना बड़ा रेल हादसा हुआ है। पिछले करीब 7 सालों से रेल हादसों पर विराम लग गया था, लेकिन इस हादसे ने रेलवे की सुरक्षा कवच स्कीम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि 2016 में कानपुर के पुखरायां के पास इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई थी। इस हादसे में 150 लोगों की जान गई थी। इससे पहले 22 मई, 2012 को हुबली-बैंगलोर हम्पी एक्सप्रेस आंध्र प्रदेश के पास एक मालगाड़ी से टकरा हुई थी। जिसमें 25 यात्रियों की मौत हो हुई थी।

रेलवे के सुरक्षा कवच पर उठे सवाल

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में एक सवाल के बताया था कि भारतीय रेलवे की दुर्घटना रोधी प्रणाली कवच को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन के प्लान के तहत दक्षिण मध्य रेलवे पर 1,455 रूट किलोमीटर पहले ही कवर किए जा चुके हैं। वहीं, देशभर में आरडीएसओ की तरफ से तेजी से काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के बालासोर में ट्रेन हादसा


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने भुवनेश्वर एम्स को दिए ये निर्देश

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहन संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है की सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

इसी के एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, भुवनेश्वर एम्स में इमरजेंसी, ICU और OT बेड्स की व्यवस्था के साथ सभी डॉक्टर, नर्स और स्टाफ को दुर्घटना में घायल हुए लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया- ओडिशा के बालासोर में दुर्भाग्यपूर्ण रेल हादसे में लोगों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख है। मेरी संवेदना शोक संतप्त परिवारों के साथ है। बचाव कार्यों की सफलता और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया- ओडिशा के बालासोर में हुआ रेल हादसा बेहद पीड़ादायक है। एनडीआरएफ की टीम पहले ही दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और अन्य टीमें भी बचाव अभियान में शामिल होने के लिए पहुंच रही हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।


दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा - ओडिशा में हुआ ये दर्दनाक रेल हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और व्यथित कर देने वाला है। इस दुखद हादसे में जिन्होंने अपनों को खो दिया उन सभी परिवारों के प्रति में मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और उनके परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत और साहस दें।

Updated on:
03 Jun 2023 07:41 am
Published on:
02 Jun 2023 10:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर