28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फिर बदला मौसम: 29 अप्रैल-3 मई तक आंधी बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया इन राज्यों के लिए अलर्ट

Rain Alert: मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए आंधी बारिश (Pre-Monsoon Rain) की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि नए चक्रवाती संचार के कारण मौसम में ये बदलाव आए हैं। पढ़ें पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
MP Weather

बारिश का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Pre-Monsoon Rain: गर्मी के कड़े तेवर के बीच सक्रिय चक्रवाती हवाओं के असर से देश का मौसम में सोमवार रात अचानक बदल गया। राजस्थान से लेकर दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR Rain) तक धूलभरी आंधी छा गई। तेज हवाओं व आंधी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से कुछ समय तक विमान उड़ानें प्रभावित हुई। एयरलाइंस ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इंडिगो ने थंडरशॉवर के कारण उड़ानों में संभावित देरी या व्यवधान की चेतावनी जारी की।

दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी

मौसम विभाग (IMD issues alert) के अनुसार यह मौसम परिवर्तन मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती संचार के कारण हुआ है। यह सिस्टम उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिससे राजस्थान की रेत और धूल दिल्ली-एनसीआर होते हुए आगे बढ़ रही है। हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक दर्ज की गई।

22 राज्यों में अगले 6 दिनों तक बारिश

आइएमडी के अनुसार अगले छह दिन तक राजधानी दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत 22 राज्यों में अगले छह दिन तक आंधी-बारिश का मौसम रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत समेत कई भागों के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। हिमालय रेंज के राज्यों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है।

महाराष्ट्र का आकोला सबसे गर्म

आइएमडी के अनुसार सोमवार को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू या गंभीर लू की स्थिति बनी रही। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र के अकोला में पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचकर देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा अमरावती, वर्धा, यवतमाल (महाराष्ट्र), बांदा (उत्तर प्रदेश), बाड़मेर और जैसलमेर (राजस्थान) सहित 7 शहरों में तापमान 46 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सोमवार को बिहार में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 7 लोगों एवं पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।