
Today Weather(AI Image-ChatGpt)
देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने कई राज्यों के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। बीते दो दिन से गरज-चमक व तूफानी हवाओं के साथ मौसम की धूम मची है। हिमालयी रेंज में भारी बर्फबारी होने के साथ ही उत्तर-पश्चिम, मध्य, दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश व ओलावृष्टि ने तर कर दिया। उत्तराखंड के केदारनाथ और गंगोत्री धाम में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के कारण देशभर के राज्यों के तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च तक कई राज्यों में बारिश व कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा।
गुरुवार को लगातार दूसरे दिन राजस्थान के सीकर, झुंझुनू, जोधपुर, जैसलमेर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। जैसलमेर में बारिश के दौरान करंट की चपेट में आकर दो युवकों की मौत हो गई। हरियाणा के रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरने से सड़कों पर पानी भर गया। वहीं राजधानी दिल्ली, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, झारखंड, बिहार, ओडिशा के कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी बर्फबारी व बारिश दर्ज की गई। गुजरात के द्वारका, मेहसाणा आदि स्थानों पर बारिश हुई। बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से कुछ राज्यों के अलग-अलग स्थानों पर रबी व सब्जियों की फसलों तथा आंधी से फलों के बगीचों को नुकसान होने के समाचार मिले हैं।
गुरुवार को बीते 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 21 इंच, केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 7 से 11 इंच तक अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई।
आइएमडी के अनुसार 20 मार्च को राजधानी दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पूर्वी मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट के साथ बारिश और ओलावृष्टि तथा हिमाचल में भारी बर्फबारी की संभावना है। 21 मार्च को ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, पूर्वोत्तर व दक्षिण राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाओं का मौसम रहेगा। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश में आंधी का अलर्ट है। नॉर्थ-ईस्ट में भी तेज बारिश की आशंका है।
Published on:
20 Mar 2026 06:01 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
